Rajesh Thakur | Patna
देश के कई राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और अदला-बदली को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इसी क्रम में बिहार के राज्यपाल पद पर बदलाव किया गया है। लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) Syed Ata Hasnain को बिहार का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष Nand Kishore Yadav को नागालैंड का राज्यपाल बनाया गया है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद जारी इस नियुक्ति सूची में कई राज्यों के राज्यपालों और उपराज्यपालों का तबादला किया गया है। बिहार में नयी जिम्मेदारी संभालने जा रहे Syed Ata Hasnain भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं और रणनीतिक तथा सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं। उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व सौंपा गया है।

दूसरी ओर, बिहार विस के स्पीकर रहे Nand Kishore Yadav को अब पूर्वोत्तर के अहम राज्य नागालैंड की जिम्मेदारी दी गयी है। लंबे समय तक बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे नंदकिशोर यादव भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और राज्य की राजनीति में उनकी अलग पहचान रही है। राजनीतिक हलकों में इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बिहार जैसे बड़े राज्य में नए राज्यपाल की नियुक्ति और नंदकिशोर यादव को पूर्वोत्तर की जिम्मेदारी दिए जाने को प्रशासनिक तथा राजनीतिक दृष्टि से अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में इन नियुक्तियों के प्रभाव पर भी राजनीतिक विश्लेषकों की नजर रहेगी।

बहरहाल, आज 5 मार्च बिहार की सियासत के लिए काफी बड़ा दिन रहा। दिन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन किये जाने पर सियासी जगत में हलचल मची रही तो अब रात में राज्यपाल का तबादला किये जाने से एक बार फिर सियासी महकमे में हलचल मच गयी है। बता दें कि बिहार से राज्यसभा की पांच रिक्त सीटों के लिए गुरुवार को नामांकन किये गए। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया, जबकि महागठबंधन की ओर से एक उम्मीदवार ने पर्चा भरा। नामांकन की यह प्रक्रिया बिहार विधान सभा की प्रभारी सचिव श्रीमती ख्याति सिंह के कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार राम ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं महागठबंधन की ओर से अमरेंद्र धारी सिंह ने राज्यसभा चुनाव के लिए पर्चा भरा।





