Ramadan 2026 : पटना समेत बिहार में माह-ए-रमजान के तीसरे जुमा की नमाज अदा, अकीदतमंदों ने की अमन-चैन की दुआ

Ajeet Kumar | Patna
माह-ए-रमजान के तीसरे जुमा के मौके पर आज राजधानी पटना की मस्जिदों में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर की प्रमुख मस्जिदों में लोगों ने बड़ी तादाद में नमाज अदा की और देश-दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ मांगी। पटना जंक्शन स्थित जमा मस्जिद में तीसरे जुमा की नमाज के लिए सुबह से ही रोजेदारों की भीड़ जुटनी शुरू हो गयी थी। नमाज के दौरान मस्जिद और उसके आसपास का इलाका नमाजियों से भरा नजर आया। नमाज के बाद इमाम साहब ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।

इसी तरह फुलवारीशरीफ की खानकाह मुजीबिया, मस्जिद, संगी मस्जिद, ईसोपुर मस्जिद, नया टोला मस्जिद, शाही जामा मस्जिद, मदरसा मस्जिद, मिल्लत कॉलोनी मस्जिद, हारून नगर मस्जिद, सब्जीबाग मस्जिद में भी बड़ी संख्या में रोजेदारों ने तीसरे जुमा की नमाज अदा की। इसके अलावा पटना शहर के सुल्तानगंज, आलमगंज, सब्जीबाग, पटना सिटी, कदमकुआं, गर्दनीबाग, अनीसाबाद और फुलवारी शरीफ के विभिन्न इलाकों की मस्जिदों में भी नमाजियों की भीड़ उमड़ी। नमाज में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्ग के लोग शामिल हुए।

नमाज के बाद रोजेदारों ने अल्लाह से देश और दुनिया में शांति, खुशहाली और इंसानियत कायम रहने की दुआ मांगी। माह-ए-रमजान के इस मुकद्दस मौके पर मस्जिदों के आसपास खास रौनक देखने को मिली और लोगों में इबादत का खास उत्साह नजर आया। बहरहाल, पटना के अलावा मुंगेर, भागलपुर, दरभंगा, गोपालगंज, सीवान सहित अन्य जिलों में भी तीसरे जुमा पर नमाज के लिए काफी संख्या अकीदतमंद जुटे।

बिहार से हज पर जाने वालों के लिए आ गयी डेट, साथ में पढ़िए पटना के नन्हें रोजेदारों को…