CM नीतीश कुमार का मना जन्मदिन, श्याम रजक का कांग्रेस पर बड़ा सियासी हमला

Ajeet Kumar | Patna
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला किए जाने और उसे कमजोर होती पार्टी बताए जाने का जदयू के फुलवारी शरीफ विधायक व पूर्व मंत्री श्याम रजक ने स्वागत किया है। उन्होंने विपक्ष पर इसी बहाने जोरदार हमला किया है। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस अब कहीं नहीं है और भारत से समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस की पहचान महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय में थी, उसी पार्टी को उनके परिवार के लोगों ने बर्बाद कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि आज कांग्रेस का कोई ठोस अस्तित्व नहीं रह गया है और जनता के बीच उसका आधार लगातार खत्म हो चुका है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि जिस पार्टी का कोई जनाधार और भविष्य नहीं है, उसके बारे में अब क्या कहा जाए ? दूसरी ओर आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन जीविका दीदियों ने केक काटकर तथा बच्चों के बीच पोशाक वितरण कर मनाया।

फुलवारी शरीफ में जीविका दीदियों द्वारा निर्मित वस्त्र वितरण समारोह के बाद मुखियाजी डॉट कॉम से बातचीत करते हुए श्याम रजक ने कहा कि कांग्रेस अब देश की राजनीति में अप्रासंगिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस की पहचान कभी महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के दौर में राष्ट्रीय आंदोलन और वैचारिक राजनीति से जुड़ी थी, आज वह पार्टी अपनी मूल विचारधारा से भटक चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पारिवारिक नेतृत्व और अंदरूनी गुटबाजी ने कांग्रेस को कमजोर कर दिया है। आज हालात यह है कि कांग्रेस के पास न कोई स्पष्ट नीति है, न साफ नियत है और न ही मजबूत नेतृत्व बचा है, जो देश को दिशा दे सके। जनता विकास और स्थिर सरकार चाहती है, लेकिन कांग्रेस केवल बयानबाजी और विरोध की राजनीति तक सीमित है।

फुलवारी के विधायक श्याम रजक ने कहा कि देश की जनता अब काम करने वाली सरकार को महत्व देती है। केंद्र और राज्य में विकास की जो योजनाएं चल रही हैं, उससे आम लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिन दलों के पास ठोस कार्यक्रम और दूरदृष्टि नहीं है, वे धीरे-धीरे राजनीति के हाशिए पर चले जाते हैं और कांग्रेस की स्थिति भी वैसी ही हो गयी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी कांग्रेस का जनाधार और सिमटेगा, क्योंकि युवाओं और नयी पीढ़ी को भरोसेमंद नेतृत्व और स्पष्ट एजेंडा चाहिए। उन्होंने दोहराया कि वर्तमान समय में कांग्रेस का कोई ठोस अस्तित्व नहीं रह गया है और वह केवल नाम मात्र की पार्टी बनकर रह गयी है।

उधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर फुलवारी शरीफ हाईस्कूल परिसर में जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए गए पोशाक का वितरण आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को नयी पोशाक पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। आंगनबाड़ी के बच्चों के बीच पोशाक के साथ-साथ मिठाई भी वितरित की गयी। इस अवसर पर केक काटकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन भी मनाया गया। इस मौके पर विधायक श्याम रजक ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के कारण आज बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक समानता की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। पहले निजी विद्यालयों के बच्चे निर्धारित पोशाक में नजर आते थे, जबकि आंगनबाड़ी के बच्चे साधारण कपड़ों में दिखते थे, जो समानता के सिद्धांत के अनुरूप नहीं था। मुख्यमंत्री की पहल पर अब आंगनबाड़ी बच्चों को भी पोशाक उपलब्ध कराया जा रहा है और इसके निर्माण की जिम्मेदारी जीविका दीदियों को दी गयी है, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। विधायक श्याम रजक ने फुलवारी शरीफ प्रखंड परिसर में जीविका दीदियों के लिए अपने विधायक निधि से जमीन उपलब्ध करा सिलाई प्रशिक्षण केंद्र खोलने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष आफताब, वार्ड पार्षद मोहम्मद मिनहाज, गुड्डू रजक, राम प्रवेश सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे समारोह में उत्साह और सामाजिक सरोकार का माहौल देखने को मिला।