Rajesh Thakur / Patna : भाजपा गया स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद जीवन कुमार ने विरोधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव से लेकर वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी तक पर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात कि मुकेश सहनी की पार्टी के बिहार में एक भी विधायक नहीं है और सपना देख रहे हैं सरकार बनाने की। इसके जरिये उन्होंने तेजस्वी यादव तथा राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि राजद भी खूब सपना देख रहा है। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर भी विरोधियों की खिंचाई करते हुए लिखा कि मीडिया से बातचीत में मैंने स्पष्ट कर दिया है कि बिहार की सियासत में हमें कम आंकने की भूल कोई न करे। जो हमारे साथ चलेगा, वही बिहार पर राज करेगा। ईवीएम पर ठीकरा फोड़ने से कुछ नहीं होगा, विपक्ष को विपक्ष की तरह काम करना होगा।

दरअसल, मुकेश सहनी के अलावा राजद नेता मुकेश रोशन की ओर से कहा गया है कि जल्द ही बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी। मुकेश रोशन तो आंकड़े भी गिना दिये। इस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मुकेश सहनी का सियासी ग्राफ काफी गिर गया है। मीडिया भी अब उनके बारे में समझ चुकी है। अब बिहार में उन्हें कोई पूछने वाला नहीं है। भाजपा में भी निषाद और मल्लाह समाज के कई लोग चुनाव जीतकर आए हैं। फिर बिहार में जनता ने एनडीए को प्रचंड बहुमत से जिताया। इससे भी विपक्ष नहीं सीख रहा है। उन्होंने साफ कहा कि विपक्ष को ‘विपक्ष’ की तरह राजनीति करे, वरना कभी जनता उसे स्वीकार नहीं करेगी। इसलिए विपक्ष को जनता के लिए काम करना होगा।

विधान पार्षद जीवन कुमार ने राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल के उस बयान पर भी चुटकी ली, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईवीएम की वजह से चुनाव में एनडीए जीता। उन्होंने कहा कि चुनाव में करारी हार के बाद तेजस्वी यादव को नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी मिली, लेकिन वे विपक्ष की भूमिका के बजाय विश्व भ्रमण पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जहाँ परिवारवाद नहीं चलता है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन को बनाकर भाजपा ने एक मिसाल पेश की है। परिवार के नाम पर पहले बेटा, फिर पोता और परपोता को पार्टी की कमान देने काम सिर्फ कांग्रेस और राजद में होता होगा, यह सब भाजपा में नहीं होता है। उन्होंने कहा कि राजद के लोग काम करने के बजाय ईवीएम पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। उन्हें जनता के मैंडेट पर भरोसा नहीं है। अंत में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को दिन में ही सपना देखने की आदत होती है और कुछ लोग मुंगेरी लाल की तरह हसीन सपने देखते हैं, जो कभी पूरे नहीं होते हैं।





