देशभर के सिनेमाघरों में उतरी बिसाही, डायन कुप्रथा पर कर रही है जोरदार चोट

Rajesh Thakur l Patna / Ranchi : बिहार के बेगूसराय निवासी युवा डायरेक्टर अभिनव ठाकुर की बहुचर्चित फिल्म ‘बिसाही’ आखिरकार पूरे देश में एक साथ रिलीज हो गयी। लंबे इंतजार के बाद रूपहले पर्दे पर उतरी इस फिल्म ने दर्शकों के बीच शुरुआत से ही हलचल मचा दी है। महज दो दिनों में यह फिल्म लोगों के बीच छा गयी है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में फिल्म बिसाही लोगों को खूब भा रही है। डायन बिसाही जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ महिलाओं को जागरूक करने में यह फिल्म सफल हो रही है।

फिल्म बिसाही की गूंज पटना, भागलपुर, बेतिया, सिवान, बेगूसराय पूर्णिया जैसे बिहार के बड़े जिलों के साथ-साथ झारखंड के रांची, हजारीबाग, बोकारो, जमशेदपुर, धनबाद, रामगढ़ आदि तक में सुनाई दे रही है। बिहार और झारखंड के अलावा दिल्ली, मुंबई, भोपाल, जयपुर, इंदौर, ओडिशा जैसे राज्यों के शहरों में भी फिल्म को रिलीज किया गया है। दर्शकों का उत्साह इस बात से झलक रहा है कि फिल्म की एडवांस ऑनलाइन बुकिंग हो रही है। दर्शकों में महिलाओं की संख्या अधिक है। कई महिलाओं ने फिल्म देखकर अपना अनुभव भी साझा किया। स्टार रैंकिंग के सवाल पर पटना में कई महिलाओं ने खुलकर कहा कि बेशक यह 4 स्टार के लायक है।

सबसे बड़ी बात यह है कि फिल्म ‘बिसाही’ सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक संदेश भी है। इसमें डायन कुप्रथा जैसे कुप्रचार और अंधविश्वास पर सीधा प्रहार किया गया है। फिल्म में एक्टिंग से लेकर फिल्मांकन तक में अभिनव ठाकुर का सफल अनुभव साफ दिखता है। फिल्म की अवधि 1 घंटा 45 मिनट है, जो लोगों को काफी पसंद आ रही है। फिल्म की कहानी इतनी अधिक जीवंत और कसी हुई है कि दर्शक कहीं से ऊब नहीं रहे हैं। वे कुर्सी पर चिपके रहते हैं और कहानी में डूब जाते हैं। सच कहा जाए तो फिल्म बिसाही दर्शकों को झकझोरने के साथ सोचने पर मजबूर करती है।

मुख्य भूमिका में नजर आ रहे रवि साहू ने अपनी इमोशनल अदाकारी से दिल जीत लिया है। उनके साथ राम सुजान सिंह, पूजा अग्रवाल, इंदु प्रसाद, चाहना पटेल, हार्दिक सोलंकी और पूजा रावल जैसे कलाकारों ने फिल्म को मजबूती दी है। गुजरात, राजस्थान और मुंबई की लोकेशन्स पर शूट की गयी इस फिल्म में अभिनय और तकनीकी दोनों स्तरों पर मेहनत साफ दिखती है। खास बात यह है कि फिल्म का गाना ‘जय श्रीराम’ रिलीज से पहले ही सुपरहिट हो चुका है। सोशल मीडिया पर यह ट्रैक युवाओं और महिलाओं के बीच तेजी से वायरल हुआ और अब फिल्म देखते समय सिनेमाघरों में दर्शक खुद-ब-खुद झूमते नजर आते हैं।

फिल्म देखने के बाद आप बेशक कह सकते हैं कि यह फिल्म उन अनसुनी चीखों की आवाज है, जिन्हें समाज अंधविश्वास और अशिक्षा के नाम पर दबा देता है। उम्मीद है कि ‘बिसाही’ न सिर्फ मनोरंजन करेगी, बल्कि समाज में जागरूकता भी फैलाएगी। फिलहाल ‘बिसाही’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है और यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा कमाल दिखाती है। मुखियाजी डॉट कॉम भी इसे 4 स्टार देता है।