पीएम मोदी ने मुजफ्फरपुर की सोलर दीदी की सुनायी कहानी, सम्राट चौधरी बोले- बिहार का सम्मान है यह

PATNA (RAJESH THAKUR) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक बार फिर अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए बिहार का सम्मान किया। यहां की माँ, बहन और बेटियों का सम्मान किया। पीएम मोदी ने 125वें रेडियो कार्यक्रम में बिहार की बेटी की सफलता की कहानी को पूरे देश के साथ साझा किया। मुजफ्फरपुर की सोलर दीदी के बारे में जिक्र कर उन्होंने मैसेज दिया कि महिलाएं अब किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। बिहार की महिलाएं भी आत्मनिर्भर बनते हुए लगातार आगे बढ़ रही हैं। फिर प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती है और सोलर दीदी ने इसे साबित किया।

पटना में मन की बात कार्यक्रम सुनते भाजपा नेता

गांव के लोग प्यार से पुकारते है सोलर दीदी : दरअसल, मुजफ्फरपुर की देवकी को गांव के लोग सोलर दीदी के नाम से पुकारने लगे हैं। देवकी कब सोलर दीदी बन गयी, उन्हें भी पता नहीं चला। वह रतनपुरा गांव की रहने वाली है। उनकी ही चर्चा मन की बात कार्यक्रम में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। देवकी ने सोलर पंप से अपने गांव की किस्मत बदल दी। बताया जाता है कि देवकी की शादी कम उम्र में ही हो गयी थी। छोते से खेत के जरिए चार बच्चों की परवरिश आसान नहीं थी। घर में कोई नौकरी करने वाला नहीं था। इसके बाद भी वह टूटी नहीं। उनका हौसला बरकरार रहा। वे एक स्वयं सहायता समूह से जुड़ी और उन्हें सोलर पंप के बारे में वहां जानकारी मिली। तब देवकी ने सोलर पंप के लिए प्रयास शुरू किए। कहा जाता है न कि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती और कुछ ऐसा ही हुआ देवकी जी के साथ। उन्होंने सोलर पंप के जरिये गांव की तस्वीर ही बदल दी और बन गयीं सोलर दीदी।

स्वच्छता अभियान पर भी पीएम ने दिया जोर : प्रधानमंत्री ने अपने मन की बात में सोलर दीदी की जीवनी का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सोलर दीदी की जिंदगी चारदीवारी के भीतर सिमटी हुई थी, लेकिन आज वो पूरे आत्मविश्वास से अपना काम कर रही हैं, पैसे कमा रही हैं और सबसे दिलचस्प बात यह है कि वो क्षेत्र के किसानों से यूपीआई के जरिए पेमेंट लेती हैं। अब पूरे गांव में उन्हें बहुत सम्मान से देखा जाता है। उनकी मेहनत और दूरदर्शिता ने दिखा दिया है कि सौर-ऊर्जा सिर्फ बिजली का साधन नहीं है, बल्कि ये गांव-गांव में नई रोशनी लाने वाली एक नयी शक्ति भी है। इतना ही नहीं, इस दौरान पीएम मोदी ने गणेशोत्सव और आने वाले सभी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खासतौर पर स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और स्वच्छता अभियान पर जोर दिया।

विज्ञापन

वोकल फॉर लोकल भी दिया मंत्र : इसके अलावा उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का मंत्र दोहराते हुए कहा कि यही विकसित भारत की ओर जाने का रास्ता है। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि स्वदेशी अपनाने से न सिर्फ देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान भी और सशक्त बनेगी। दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक संबोधन मन की बात कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को भाजपा प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ नेतागण और मातृशक्ति के साथ में सुना। वे हर बार देश प्रथम के भाव से नवाचार कर रहे व्यक्ति, सार्वजनिक जीवन में जनभागीदारी से बदलाव लाने वालों के प्रेरणास्पद कहानियों को साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि सोलर दीदी की सफलता की कहानी सुनाकर पीएम मोदी ने न केवल बिहार का सम्मान किया, बल्कि यहां की महिलाओं का भी सम्मान किया। उन्होंने पूरे बिहार का दिल जीत लिया। बता दें कि आज भाजपा कार्यालय में मन की बात कार्यक्रम सुना गया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल, संगठन मंत्री भीखू भाई दलसानिया, बिहार सरकार के मंत्री राजू सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री रितुराज सिन्हा, सवर्ण आयोग के अध्यक्ष महाचंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

विज्ञापन