Earthquake Update : तिब्बत में अब तक 153 मरे; बिहार में महज 12 घंटे में तीन बार भूकंप के झटके

PATNA (MR) : बिहार में मंगलवार को महज 12 घंटे में तीन बार झटके आने से लोग अंदर से सहम गए। हालांकि दूसरी और तीसरी बार के झटके काफी हल्के थे। इससे अधिसंख्य लोगों को पता भी नहीं चला, लेकिन सुबह के झटके बिहार में पटना समेत कई जिलों में महसूस किये गए। बताया जाता है कि सुबह 6.35 बजे जो भूकंप आया था, उसकी तीव्रता 7.1 थी। इसका केंद्र तिब्बत में धरती से महज 10 किलोमीटर अंदर था। इसमें अब तक 153 लोगों की मौत की खबर है।

बताया जाता है कि बिहार में सबसे पहली बार सुबह 6:35 बजे भूकंप आया था। दूसरी बार शाम 5.19 बजे तथा तीसरी बार शाम 5.25 बजे भूकंप आया। पहली बार इसकी तीव्रता 7.1 थी, जबकि दूसरी बार 3.5 और तीसरी बार 3.1 रही। हालांकि, बिहार में भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार, भूकंप का केंद्र तिब्बत के शिजांग में जमीन से 10 किमी नीचे था। चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, भूकंप का असर नेपाल, भूटान सहित भारत के सिक्किम, बिहार और उत्तराखंड में भी दिखा। फिलहाल भारत में इससे जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। वहीं तिब्बत में 153 लोगों की मौत हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।