EPF कटौती पर बिहार विधान परिषद में गरजे जीवन कुमार, कहा- शिक्षकों की कमाई लूटने नहीं देंगे

Rajesh Thakur | Patna

गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद जीवन कुमार सत्ता में रहते हुए इन दिनों विधान मंडल में शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं। इसी कड़ी में 20 फरवरी को उन्होंने विधान परिषद में शिक्षकों के वेतन से कटे EPF अंशदान की राशि UAN खाते में जमा नहीं होने का मामला जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने इसे शिक्षकों की ‘पसीने की गाढ़ी कमाई’ से जुड़ा गंभीर विषय बताया और कहा कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

विधान परिषद में मुद्दा उठाते हुए जीवन कुमार ने कहा कि भोजपुर, अरवल और बक्सर सहित कई जिलों के शिक्षकों के वेतन से EPF की राशि काट ली गयी, लेकिन संबंधित UAN खातों में वह राशि जमा नहीं हुई। उन्होंने इसे शिक्षकों के साथ अन्याय करार देते हुए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के भविष्य निधि से जुड़ी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सीधे उनके भविष्य से खिलवाड़ है। शिक्षकों के एक-एक पैसे की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने सदन में लिखित आदेश जारी करते हुए निर्देश दिया कि जिन शिक्षकों का EPF अंशदान UAN खाते में जमा नहीं हुआ है, उन्हें चिन्हित कर तत्काल पूरी राशि शिक्षक और सरकार दोनों के अंशदान सहित जमा की जाए। विधान पार्षद ने इसे शिक्षकों की आवाज की जीत बताते हुए कहा कि वे आगे भी ऐसे मुद्दों पर मुखर रहेंगे। उन्होंने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि उनके अधिकारों की रक्षा के लिए वे सदन में निरंतर आवाज उठाते रहेंगे। बहरहाल, इस प्रकरण के बाद संबंधित जिलों में विभागीय स्तर पर हलचल तेज हो गयी है। अब नजर इस बात पर है कि आदेश का अनुपालन कितनी शीघ्रता से होता है।

‘641 अनुदानित स्कूलों का क्या होगा’ – विधान पार्षद जीवन कुमार ने शून्यकाल में उठाया मुद्दा… इसे भी पढ़ें

बिहार शिक्षा बजट भाषण पर विपक्ष ने किया बहिष्कार तो मंत्री सुनील कुमार बोले- आपलोग आदत से लाचार… इसे भी क्लिक करें…👇👇