अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय सचिव बने बिहार के मनोज ठाकुर, स्वर्णकार समाज में एकता और शिक्षा पर जोर

PATNA (MR) : अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ (3545) के राष्ट्रीय सचिव के पद पर बिहार के रोसड़ा निवासी पत्रकार मनोज ठाकुर को मनोनीत किया गया है। 27 अप्रैल को बोधगया के महामाया पैलेस में आयोजित शपथ ग्रहण सह सम्मान समारोह में 22 राज्यों से आए संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी।

मनोज ठाकुर के राष्ट्रीय सचिव बनने पर बिहार के स्वर्णकार समुदाय में खुशी की लहर है। शुक्रवार को समस्तीपुर जिले के रोसड़ा सर्राफा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ठाकुर, सचिव चंद्रशेखर साहू, कोषाध्यक्ष विजय सोनी, समाजसेवी महादेव ठाकुर, संतोष कुमार गुप्ता, निशांत ठाकुर, अवधेश ठाकुर, संजीव कुमार सहित अन्य ने पाग और चादर भेंटकर उन्हें सम्मानित किया।

नवमनोनीत राष्ट्रीय सचिव मनोज ठाकुर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता स्वर्णकार समाज में एकता, आर्थिक मजबूती और शिक्षा को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने बिहार के स्वर्णकारों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने में अहम भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहरसा निवासी पप्पू ठाकुर ने कहा कि मनोज ठाकुर की नियुक्ति से स्वर्णकार समाज में नयी ऊर्जा का संचार हुआ है और उनके नेतृत्व में समाज के विकास की नयी संभावनाएं देखी जा रही हैं। इनके मनोनयन से समाज में खुशी की लहर है।

मनोज ठाकुर को बधाई देने वालों में संघ के राष्ट्रीय मुख्य संरक्षक बहादुर सिंह वर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल चौहान, राष्ट्रीय महासचिव रवि वर्मा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मनोहर सिंह कंडा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पप्पू ठाकुर, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, उत्तराखंड से विधायक प्रीतम सिंह पवार सोनी, बिहार से एमएलसी जीवन कुमार, बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुरेश साह, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रवि सर्राफ, झारखंड अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद जौहरी, हरियाणा अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा, तेलंगाना अध्यक्ष जे. पेंटाचार्य, दिल्ली अध्यक्ष अविनाश आनंद, गुजरात अध्यक्ष देवेश कुमार सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी शामिल हैं।

दूसरी ओर, मनोज ठाकुर के गृह क्षेत्र रोसड़ा के विनोद देव, अजय कुमार ठाकुर, संजीत ठाकुर, त्रिभुवन ठाकुर, राजेश ठाकुर पप्पू, नवीन ठाकुर, पवन कुमार साह, संजय गुप्ता, अधिवक्ता सुजीत कुमार गुप्ता, जवाहर प्रसाद, ललित ठाकुर आदि ने भी हर्ष व्यक्त कर बधाई दी।

बोधगया के कार्यक्रम में शामिल राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पप्पू ठाकुर और राष्ट्रीय सचिव मनोज ठाकुर व अन्य।