बिहार पुलिस सप्ताह : फ्रेंडशिप फाइट में जहानाबाद ने मारी बाजी, SP ने की हौसलाअफजाई

Jehanabad से लौटकर Ajeet Kumar

बिहार पुलिस सप्ताह के अवसर पर बिहार के जहानाबाद जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। पुलिस और सिविल प्रशासन के बीच खेले गए इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले में खेल भावना और आपसी समन्वय की अनूठी मिसाल देखने को मिली। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुलिस लाइन जहानाबाद की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 171 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और चौके-छक्कों की बरसात करते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिविल प्रशासन की टीम ने संभलकर शुरुआत की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम लय नहीं पकड़ सकी और 112 रन पर सिमट गयी। इस तरह पुलिस लाइन की टीम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

मैच के दौरान जहानाबाद की पुलिस कप्तान अपराजिता लोहान स्वयं मैदान में उपस्थित रहीं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को बधाई देते हुए कहा कि बिहार पुलिस सप्ताह के दौरान विभिन्न प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल और चेतना यात्रा जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य पुलिस बल के मनोबल को ऊंचा रखना और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करना है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कार्य के दौरान पुलिस और सिविल प्रशासन की टीम को कई बार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कंधे से कंधा मिलाकर काम करना पड़ता है। ऐसे खेल आयोजन आपसी विश्वास, समन्वय और पारस्परिक सहयोग की भावना को और प्रगाढ़ बनाते हैं। मैदान में विकसित टीम भावना कार्यस्थल पर भी सकारात्मक ऊर्जा के रूप में दिखाई देती है, जिससे जनसेवा और अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकती है।

पुलिस कप्तान अपराजिता ने आम जनता को संदेश देते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन की पूरी टीम हर समय जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज में विश्वास और मित्रवत संबंध स्थापित करना भी है। पुलिस पब्लिक फ्रेंडली पहल के तहत हम चाहते हैं कि आम लोग पुलिस को अपना साथी और सहयोगी समझें और किसी भी समस्या में निःसंकोच आगे आएं। बहरहाल, यह टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं रहा, बल्कि पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय, सौहार्द और जनविश्वास को मजबूत करने का सशक्त अभियान साबित हुआ। मैदान में गूंजती तालियों, खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की भागीदारी ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

बता दें कि आज 22 से पुलिस सप्ताह शुरू हुआ है और इसका समापन 27 फरवरी को होगा। इस दौरान मुख्यालय समेत सभी जिलों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम, जन जागरूकता कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन एवं विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं मुख्य रूप से शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के उत्साह और सामुदायिक सेवा के संकल्प को नयी ऊर्जा प्रदान करना है। इसके अलावा ज्वलंत सामाजिक मुद्दों पर नुक्कड़ नाटक, चित्रकला प्रतियोगिता, मैत्री क्रिकेट या फुटबॉल मैच, श्वान दस्ता प्रदर्शन, अश्वारोही दल की प्रस्तुति तथा पुलिस बैंड शो आयोजित किये जाएंगे। वहीं, विभिन्न जिलों में महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा इत्यादि विषयों पर आमजनो को जागरूक करने के लिए प्रभातफेरी, बाइक शो, साइकिल रैली, मैराथन, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। उक्त प्रतियोगिताओं में स्थानीय विद्यालयों / महाविद्यालयों की छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। गौरतलब है कि बिहार पुलिस सप्ताह का आयोजन वर्ष 1958 में प्रारंभ किया गया था। वर्ष 2007 से इसे नियमित रूप से मनाया जा रहा है। पुलिस सप्ताह के दौरान स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी थाना, ओपी तथा पुलिस प्रतिष्ठानो में स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। प्रत्येक जिले में पुलिस अधीक्षक के स्तर से तीन सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ थाना एवं ओपी को पुरस्कृत भी किया जाएगा। जिला स्तर पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा नेपाल सीमा से सटे जिलों मे एसएसबी के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम अथवा सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।