दैनिक जागरण के पत्रकार की हवेली खड़गपुर ब्लॉक कैंपस से दिनदहाड़े बाइक चोरी, चोर कैमरे में कैद…

PATNA (MR) : मुंगेर के हवेली खड़गपुर प्रखंड में चोरों की चांदी हो गयी है। उसे पुलिस का जरा-सा भी भय नहीं है। अब वह गांव के गली-कूची में नहीं, बल्कि मुख्य बाजार में, प्रशासनिक कैंपस में घटना को अंजाम दे रहा है। पुलिस सुरक्षा की यदि यही स्थिति रही तो थाना के इर्द-गिर्द भी घटना को अंजाम दे तो कोई आश्चर्य नहीं। ताजा घटना 27 जून को भरी दुपहरिया में हुई है। चोर ने हवेली खड़गपुर प्रखंड कार्यालय के कैंपस से दैनिक जागरण के पत्रकार रामप्रवेश सिंह की बाइक चोरी कर ली है। खास बात, वहां लगे सीसीटीवी में चोर की शक्ल कैद हो गयी है।

पत्रकार रामप्रवेश सिंह ने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय परिसर से उनकी बाइक चोरी हो गयी। घटना के समय वे समाचार संकलन के लिए ब्लॉक गए थे। उन्होंने बाइक कैंपस में लगा दी और वे राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की बैठक की खबर संकलन करने अंदर गए। जब वे बाहर निकले तो उनकी बाइक अपनी जगह पर नहीं थी। बाइक को उन्होंने आसपास ढूंढा, लेकिन नहीं मिली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, पर कोई जानकारी नहीं मिली।

उन्होंने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी के चेंबर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गयी। फुटेज में दोपहर 2:42 बजे एक युवक बाइक लेकर मुख्य सड़क की ओर जाता दिखा। इसके बाद मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया। इसमें भी वह युवक दिखा। फुटेज में चोर का चेहरा भी दिख रहा है। बहरहाल, घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस चोरों को नहीं पकड़ पायी है। लोगों का कहना है कि जब प्रखंड कार्यालय परिसर से बाइक चोरी हो सकती है, तो अन्य जगहों की सुरक्षा कैसी होगी, इसकी सहज कल्पना की जा सकती है।