Mukhiyajee Reporter | Haveli Kharagpur
मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आरोग्यम हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन किया गया। तारापुर मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के निकट इस अत्याधुनिक हॉस्पिटल के शुरू होने से अब इलाके के लोगों को बेहतर और त्वरित इलाज की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी। इसका उद्घाटन डॉ संतोष कुमार सिंह की मां शोभा देवी ने फीता काटकर किया। अस्पताल में 24×7 इमरजेंसी सेवाओं की व्यवस्था की गयी है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। इस मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने कहा कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को दूर करना ही इस हॉस्पिटल का मुख्य उद्देश्य है।

आरोग्यम हॉस्पिटल में अनुभवी डॉक्टरों की टीम मरीजों की सेवा के लिए उपलब्ध रहेगी। इसमें प्रमुख रूप से डॉ संतोष कुमार सिंह (कंसल्टेंट फिजिशियन एवं कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ), डॉ सीके कश्यप (संक्रामक रोग विशेषज्ञ), डॉ पूजा सिंह (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), डॉ ललित कुमार, डॉ अमीर कुमार तथा डॉ पद्मिनी घोष शामिल हैं। हॉस्पिटल के डायरेक्टर सीके कौशिक ने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि यहां मरीजों को किफायती दरों पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ के साथ यह अस्पताल क्षेत्र के लिए एक भरोसेमंद स्वास्थ्य केंद्र साबित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल चार्ज भी यहां काफी कम लगेगा, जिससे मरीजों को राहत मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल के उद्घाटन पर खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें छोटे-बड़े इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। खासकर इमरजेंसी में यह अस्पताल जीवनरक्षक साबित होगा। बहरहाल हवेली खड़गपुर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से एक बेहतर अस्पताल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। ऐसे में ‘आरोग्यम हॉस्पिटल’ का शुरू होना न केवल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लिए एक नयी उम्मीद भी लेकर आया है।







