Mukhiyajee Reporter | Patna
छठ की तीसरी सांझ, जब डूबते सूरज को अर्घ्य देकर व्रती घाट से लौटती हैं, तो बिहार के आंगनों और घाटों पर एक और सुंदर नजारा सजने लगता है। गन्ने का मंडप खड़ा होता है, मिट्टी का हाथी सजाया जाता है और दर्जनों दीये जल उठते हैं। यह कोसी भराई है, छठ की वह खास परंपरा, जिसमें परिवार अपनी मन्नत पूरी होने पर छठी मईया का आभार जताता है। संध्या अर्घ्य के बाद यह रस्म निभायी जाती है, इसलिए आज रविवार की शाम राज्य के लाखों घरों में इसकी तैयारी दिख रही है। खासकर बिहार के भोजपुरी इलाकों आरा, बक्सर, कैमूर, गोपालगंज, रोहतास के साथ-साथ इसकी सीमा से सटे बनारस जैसे पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों में भी कोसी भरने की परंपरा निभायी जाती है, जहां भोजपुरी भाषी समाज की साझी संस्कृति की झलक मिलती है। कहा जाता है कि कोसी भरने की परंपरा मन्नत से जुड़ी है। मान्यता है कि जब किसी परिवार की कोई मनोकामना पूरी हो जाती है, जैसे संतान सुख मिलना, किसी बीमारी से राहत मिलना या घर में कोई बड़ी खुशी आना, तो वह छठ में कोसी भरकर छठी मईया का धन्यवाद करता है। कई घरों में इसका संकल्प पहले से लिया जाता है कि जब हमारी बात पूरी हो जाएगी, तो हम कोसी भरेंगे। और जब मन्नत सच होती है, तो वही संकल्प पर्व की सबसे भावुक रस्म बन जाता है।

इसकी विधि भी बड़ी सुंदर है। सबसे पहले 5, 11 या 21 गन्ने चुने जाते हैं और उन्हें एक साथ बांधकर मंडप की तरह खड़ा किया जाता है। नीचे आटे से रंगोली बनती है और उसके बीच मिट्टी का हाथी रखा जाता है। हाथी के ऊपर घड़ा रखा जाता है और उसे सिंदूर लगाया जाता है। इसके बाद 12 या 24 दीये जलाए जाते हैं, जिनकी लौ पूरे आंगन को रोशन कर देती है। कोसी भरने की विधि इलाके-इलाके में थोड़ी बदलती है। कहीं गन्नों की संख्या अलग होती है, तो कहीं दीयों की। कहीं यह रस्म घर के आंगन में निभाई जाती है, तो कहीं गंगा या तालाब के घाट पर। गोपालगंज जैसे इलाकों में घाट पर बनी सुरसुता के चारों ओर गन्ने का मंडप बनाकर कोसी भरने की परंपरा है। रीत भले थोड़ी अलग हो, पर भाव हर जगह एक ही रहता है कि मन्नत पूरी होने पर छठी मईया का आभार जताया जाए। कोसी सज जाने के बाद महिलाएं एक साथ बैठकर छठ के पारंपरिक गीत गाती हैं। सुरीली आवाजों में छठी मईया की महिमा गूंजती है और दीयों की रोशनी में हर चेहरा श्रद्धा से दमकता है। अंत में कोसी में धूप आदि रखकर हवन किया जाता है और छठी मईया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना होती है। बच्चे गन्ने के मंडप के चारों ओर जमा रहते हैं और बुजुर्ग हाथ जोड़कर आशीर्वाद मांगते हैं। इसके बाद शुरू होता है रातभर का जागरण।
मान्यता है कि कोसी भरने के बाद व्रती और परिवार के लोग पूरी रात जागकर छठी मईया की आराधना करते हैं। भोर होते ही फिर से घाट की ओर चल पड़ते हैं और उगते सूरज को अर्घ्य देने के साथ ही पूजा पूरी होती है। यानी शाम के अर्घ्य और सुबह के अर्घ्य के बीच की यह रात सबसे पवित्र मानी जाती है, जब आंगन में दीये जलते रहते हैं और मन में भक्ति। बहरहाल, कोसी भराई हमें सिखाती है कि आस्था केवल मांगने का नाम नहीं, पाने के बाद आभार जताने का भी नाम है। जिसने जो पाया, उसे बांटना और धन्यवाद कहना, यही इस परंपरा की असली सीख है। गन्ना खेत की मेहनत का, मिट्टी का हाथी धरती का और दीये उजाले की उम्मीद के प्रतीक हैं। इन्हीं के बीच जब पूरा परिवार एक साथ बैठकर छठी मईया को याद करता है, तो आंगन में सचमुच देवी के उतर आने का एहसास होता है।








