Mukhiyajee Reporter | Rajesh Thakur
लोक आस्था के चतुर्दिवसीय महापर्व छठ पूजा का आज शनिवार को दूसरा दिन है। आज खरना है और इसकी सांझ आंगनों में कुछ अलग ही उतरती है। दिन भर अन्न-जल से दूर रही व्रती जब नहा-धोकर साफ कपड़े में रसोई की ओर बढ़ती हैं, तो घर का हर कोना जैसे सांस थामकर उन्हें देखता है। गांवों में आंगन लिपा-पुता है, दीवारों पर हल्की रोशनी है और बीच में रखा है नया मिट्टी का चूल्हा, जिस पर आज छठी मैया का प्रसाद बनेगा। कमोबेश शहरों की भी यही स्थिति होती है। बस शहर में आंगन की परिपाटी लगभग खत्म हो चुकी है। उसकी जगह बरामदा ने ली है। कहीं बड़ा-सा पूजा घर बन गया है। जो भी हो, किंतु सभी जगहों पर साफ-सफैयत एक जैसी। स्वच्छता व पवित्रता का पूरा ख्याल। खरना हमें सिखाता है कि पूजा का मतलब बड़ा आयोजन नहीं, बल्कि शुद्ध मन, सादा भोजन और सबके साथ बांटने का भाव है। मिट्टी के चूल्हे की आंच में जो अपनापन पकता है, उसी की खुशबू से बिहार का छठ पूरी दुनिया में अलग पहचान रखता है।

खरना को कहीं-कहीं लोहंडा भी कहा जाता है। इस खास दिन पर सुबह से ही घर में एक अनकहा अनुशासन चलता है। न कोई तेज बोलता है, न कोई जूठे हाथ से रसोई छूता है। बच्चों को भी पता है कि आज शरारत का दिन नहीं। व्रती दिन भर निर्जला रहती हैं। शाम होते-होते धूप ढल जाती है और चूल्हे में आम की लकड़ी सुलगा दी जाती है। धुएं की सोंधी महक आंगन से उठकर पूरे टोले में फैल जाती है। पड़ोस के घर में भी वही महक, उधर के घर में भी वही। लगता है, पूरा गांव एक ही चूल्हे के आसपास बैठा है। प्रसाद बहुत सादा है, पर उसमें जो भाव है, वह महंगे पकवानों में भी नहीं मिलता। चावल, गुड़ और दूध की खीर धीमी आंच पर पकती है और साथ में गेहूं के आटे की रोटी बनती है, जिस पर घी लगाया जाता है। थाली में केला भी रखा जाता है। नमक, चीनी और मसाले का आज नाम नहीं। गुड़ की मिठास ही इस प्रसाद की पहचान है।


जब प्रसाद तैयार हो जाता है, तब व्रती सूर्य देव और छठी मैया को भोग लगाती हैं। फिर आता है खरना का सबसे नाजुक पल। मान्यता है कि व्रती अकेले, शांत मन से प्रसाद ग्रहण करती हैं और उस वक्त घर में पूरी चुप्पी रखी जाती है। कहा जाता है कि इस समय कोई आवाज या खलल हो जाए, तो व्रती वहीं खाना छोड़ देती हैं। इसी कारण पूरा परिवार दम साधे बाहर बैठा रहता है। सन्नाटे में सिर्फ चम्मच की हल्की खनक या दूर किसी छठ गीत की धुन सुनाई देती है।
व्रती के प्रसाद ग्रहण करने के बाद घर के बाकी लोग प्रसाद पाते हैं। फिर पड़ोसियों, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों को बुलाकर या उनके घर पहुंचाकर प्रसाद बांटा जाता है। लोग खुद आकर प्रसाद मांगते हैं और इसमें कोई छोटा-बड़ा नहीं रहता। बच्चे कटोरी लेकर इस आंगन से उस आंगन दौड़ते हैं और बड़े-बुजुर्ग हाथ जोड़कर प्रसाद लेते हैं।
इसी रात से 36 घंटे के निर्जला व्रत की कठिन परीक्षा शुरू हो जाती है। इसके बाद अगली शाम घाट पर डूबते सूरज को अर्घ्य और फिर भोर में उगते सूरज को प्रणाम होगा। यही वजह है कि खरना की रात को व्रती के लिए तप की शुरुआत और परिवार के लिए आस्था की सबसे गहरी रात माना जाता है।







