Mukhiyajee Reporter | Patna
हवेली खड़गपुर से पटना आ रहे पूर्व मंत्री शमशेर जंग बहादुर सिंह के छोटे बेटे अजीत सिंह की गाड़ी से रात के समय अज्ञात चोर लैपटॉप बैग उड़ा ले गया। बैग में लैपटॉप के साथ कुछ महत्वपूर्ण कागजात भी थे। चोरी शनिवार को बख्तियारपुर में हुई है। पीड़ित अजीत ने इस संबंध में थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर चोर का पता लगाने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के मुताबिक खड़गपुर के मूल निवासी अजीत सिंह पेशे से एडवोकेट हैं और नयी दिल्ली के लाजपत नगर में रह कर सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं।


उन्होंने मुखियाजी डॉट कॉम को फोन पर बताया कि वे हवेली खड़गपुर से अपनी गाड़ी से पटना जा रहे थे। उन्हें पटना से दिल्ली के लिए हवाई जहाज पकड़ना था। पटना जाने के दौरान बख्तियारपुर में दोपहर करीब ढाई बजे वे फोरलेन सड़क पर एक ओवरब्रिज के नीचे चाय-नाश्ते के लिए रुके थे। इसी दौरान उनकी नजर चूकते ही अज्ञात चोर ने गाड़ी की पिछली सीट पर रखा लैपटॉप बैग लेकर फरार हो गया। बैग में लैपटॉप के अलावा कई जरूरी कागजात थे। चोरी का पता चलते ही उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की लिखित सूचना दी।

आवेदन में उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच कर चोर को जल्द गिरफ्तार किया जाए और चोरी गया सामान बरामद कराया जाए। उन्होंने खास तौर पर कागजात की बरामदगी पर जोर दिया है, क्योंकि उनके दोबारा बनने में समय और परेशानी होगी। यात्रा के दौरान हुई इस घटना से वे काफी परेशान हैं। बहरहाल, फोरलेन के किनारे ढाबों और चाय-नाश्ते की दुकानों पर रुकने वाले यात्रियों के लिए यह घटना एक सबक है। हालांकि प्राथमिकी दर्ज कराकर अजीत सिंह शनिवार को ही फ्लाइट पकड़कर दिल्ली चले गए हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।








