Rajesh Thakur | Patna
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2026 की तैयारी में जुटे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर। लंबे इंतजार के बाद परीक्षा की तारीखें घोषित कर दी गयी हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ त्यागराजन एसएम ने आज शुक्रवार को बताया कि STET 2026 का आयोजन 25 अक्टूबर 2026 से 20 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा की तारीख सामने आते ही अभ्यर्थियों में उत्साह के साथ-साथ हलचल भी तेज हो गयी है। इसके साथ ही एडमिट कार्ड के लिए भी डेट जारी कर दी गयी है। अभ्यर्थी बिहार बोर्ड की वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

बिहार बोर्ड के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन कर शुल्क जमा कर दिया है, उनका एडमिट कार्ड 18 अक्टूबर 2026 के अपराह्न में जारी किया जाएगा। एडमिट कार्ड समिति की वेबसाइट https://stetregistration.cbrt.co.in पर उपलब्ध होगा। अभ्यर्थी अपने यूजर आईडी और पासवर्ड का उपयोग कर वहां से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। बोर्ड ने यह साफ कर दिया है कि अभ्यर्थी एडमिट कार्ड में अंकित दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और उनका पालन करें। परीक्षा के दिन एडमिट कार्ड में दर्ज तिथि, समय और परीक्षा केंद्र के अनुसार ही केंद्र पर उपस्थित होना होगा। इसमें किसी भी तरह की चूक अभ्यर्थी के लिए भारी पड़ सकती है।
इस बीच परीक्षा कार्यक्रम का एक दिलचस्प पहलू भी सामने आया है। परीक्षा 25 अक्टूबर से 20 नवंबर के बीच होनी है और इसी अवधि में बिहार ही नहीं, पूरे देश के सबसे बड़े त्योहार पड़ रहे हैं। 8 नवंबर को दिवाली है, जबकि 15 नवंबर को लोक आस्था का महापर्व छठ है। ऐसे में परीक्षा की तारीख के हिसाब से अभ्यर्थियों के बीच दो वर्ग बनते दिख रहे हैं। जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा दिवाली और छठ से पहले हो जाएगी, उनके लिए दोनों पर्व किसी राहत से कम नहीं होंगे। परीक्षा का बोझ उतरने के बाद वे घर-परिवार के साथ पूरे उल्लास में त्योहार मना सकेंगे। दीये जलाने से लेकर छठ घाट की तैयारी तक, उन्हें किसी बात की चिंता नहीं रहेगी।


वहीं दूसरी ओर, जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा त्योहारों के बाद की तारीखों में पड़ेगी, उनके लिए पर्व का समय थोड़ा भारी रह सकता है। घर में पर्व की रौनक होगी, रिश्तेदारों का आना-जाना रहेगा, लेकिन उनके मन में परीक्षा की चिंता बनी रहेगी। कई अभ्यर्थी बाहर रहकर तैयारी करते हैं और पर्व मनाने घर लौटते हैं। उनके सामने किताबों और त्योहार के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी। बहरहाल, जानकारों का मानना है कि ऐसे अभ्यर्थियों को अभी से अपनी रणनीति तय कर लेनी चाहिए। त्योहार के दिनों में भी पढ़ाई के लिए कुछ समय जरूर निकालें और रिवीजन पर ध्यान दें। साथ ही एडमिट कार्ड जारी होते ही उसे डाउनलोड कर अपनी परीक्षा की तारीख, पाली और केंद्र की जानकारी ध्यान से जांच लें, ताकि अंतिम समय में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।







