Mukhiyajee Reporter | Rajesh Thakur
मुंगेर जिला स्थित हवेली खड़गपुर के पोखरिया निवासी मुरली मनोहर यादव ने लगभग माह भर पहले सितंबर में बिहार पुलिस की नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है। इसके साथ ही इलाके में चर्चा तेज हो गयी है कि वर्षों से उनके मन में पल रही राजनीति की इच्छा अब बाहर आने को तैयार है। उन्होंने 1983 में स्थानीय राजेंद्र श्रीकृष्ण विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। इसी विद्यालय में उनके पिता महावीर प्रसाद यादव शिक्षक थे। इसके बाद मनोहर ने बाहर से उच्च शिक्षा की डिग्री हासिल की और फिर बिहार पुलिस की नौकरी में आ गए। लेकिन नौकरी में रहते हुए भी राजनीति का सपना उनके भीतर कभी शांत नहीं हुआ।


जानकारों के मुताबिक, इलाके से लेकर डिपार्टमेंट तक मुरली यादव के नाम से लोकप्रिय मुरली मनोहर यादव शुरू से ही सक्रिय राजनीति में आने का मन था, लेकिन सरकारी सेवा की बंदिशें इसमें आड़े आती रहीं। एक-दो बार उन्होंने नौकरी छोड़ने का मन भी बनाया, मगर पिता और परिवार की भावनाओं का ख्याल रखते हुए उन्हें अपने कदम पीछे खींचने पड़े। जब खुद मैदान में उतरना संभव नहीं था, तो मुरली मनोहर यादव ने अपनी पत्नी मीना देवी को आगे किया। वे 2011 में चुनाव जीतकर जिला पार्षद बनीं। इससे उत्साहित होकर उन्होंने 2016 के पंचायत चुनाव में पत्नी को टेटिया बंबर से तो मुरादे पंचायत से एक बहू रेणु देवी को मुखिया और छोटी बहू को पंचायत समिति के पद पर मैदान में उतारा। मुरादे पंचायत पर अधिक फोकस की वजह से जिला परिषद के चुनाव में मीना देवी हार गयीं, लेकिन उनकी दोनों बहुएं चुनाव जीतकर एक प्रखंड प्रमुख बनीं तो दूसरी मुखियाजी। इतना ही नहीं, 2020 के बिहार विधान सभा चुनाव में तारापुर विस क्षेत्र से मीना देवी को लोजपा से टिकट भी मिल गया और उन्हें 14000 से अधिक वोट मिले। यह इस बात का संकेत था कि परिवार की जमीन पर राजनीति की फसल लहलहा सकती है। इस हार की टीस मनोहर यादव के मन में आज भी है। उनका मानना है कि अगर वह खुद राजनीति का फ्रंट चेहरा होते, यानी पर्दे के पीछे रहने के बजाय सामने से कमान संभालते, तो 2016 में जिला पार्षद का चुनाव जीत जाते।

इसी बीच उनके पिता महावीर प्रसाद यादव का भी निधन हो गया। परिवार की जिस जिम्मेदारी और पिता की जिस भावना ने उन्हें अब तक नौकरी से बांधे रखा था, उसका एक बड़ा सिरा अब छूट चुका था। एक झटका और लगा कि मीना देवी का भी निधन हो गया। यह मुरली मनोहर यादव को अंदर से तोड़ देने वाला झटका था। बहरहाल, खुद को मजबूत करते हुए उन्होंने अब मजबूती से पॉलिटिक्स करने का निर्णय लिया है। उन्होंने मुखियाजी डॉट कॉम को बताया कि अब वे पुलिस की नौकरी से VRS लेकर राजनीति के गलियारे में पूरी तरह एंट्री करने का मन बना लिया है। हालांकि, मुरली मनोहर यादव ने अपने अगले कदम को लेकर अभी पत्ते नहीं खोले हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह क्षेत्र को नजदीक से और बारीकी से समझ रहे हैं। यानी साफ है कि वह जल्दबाजी में कोई फैसला लेने के बजाय पहले जमीनी हालात की नब्ज टटोल रहे हैं। ऐसे में अब बड़ा सवाल यह है कि खाकी छोड़कर खादी की राह पर निकले मुरली मनोहर यादव किस रास्ते से, कब और किस भूमिका में सामने आते हैं। पुलिस सेवा का अनुभव, परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि और पत्नी की पिछली जीत-हार के बाद मिले सबक के साथ वह खड़गपुर की राजनीति में क्या समीकरण बदल पाते हैं, इस पर इलाके की निगाहें टिकी रहेंगी।









