‘सम्राट चौधरी ओबीसी के बड़े नेता हैं इसलिए प्रशांत किशोर को खटक रहे हैं’, गिरिराज सिंह ने बांकीपुर उपचुनाव रिजल्ट के बाद खुलकर बोले

Mukhiyajee Reporter | Patna / Delhi

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने जनसुराज के नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने पिछले दिनों न्यूज18 से बातचीत में प्रशांत किशोर को ‘बिहार का केजरीवाल’ बताया और कहा कि वे लगातार झूठ बोलकर राजनीति कर रहे हैं और जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। खासकर गिरिराज सिंह ने जोर देकर कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समाज के बड़े नेता हैं और यही कारण है कि वे प्रशांत किशोर की आंखों की किरकिरी बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी ओबीसी समाज से आते हैं, इसलिए उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। जबकि, मुख्यमंत्री लगातार विकास कार्यों को गति दे रहे हैं और बिहार में शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में बड़े फैसले लिये गये हैं।

गिरिराज सिंह ने दावा किया कि राज्य सरकार ने सभी प्रखंडों में एक साथ 211 डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में पहल की है। साथ ही 511 प्रखंडों में सरस्वती निकेतन स्कूलों का उद्घाटन बेगूसराय से किया गया है, जहां बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध करायी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान शिक्षा और विकास पर है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने में जुटा है। प्रशांत किशोर पर हमला तेज करते हुए उन्होंने कहा कि वे बिहार के केजरीवाल हैं और अरविंद केजरीवाल की तरह खूब झूठ बोलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कभी प्रशांत किशोर कहते थे कि यदि वे चुनाव हार गए तो राजनीति से संन्यास ले लेंगे, तो कभी दावा करते थे कि यदि जदयू 25 से अधिक सीटें जीत गयी तो वे राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘फ्रांस से पढ़कर आए हैं, इसलिए शायद अंग्रेजी ज्यादा पढ़ते हैं, लेकिन बिहार की जनता सब समझती है।’

मैं आ रहा हूँ…

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर गिरिराज सिंह ने कहा कि यह कहना गलत है कि प्रशांत किशोर ने चुनाव जीता है। उन्होंने स्वीकार किया कि यह चुनाव हम लोग हारे हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी इस हार की समीक्षा कर रही है और जिन कार्यकर्ताओं में नाराजगी या असंतोष है, उनसे बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। गिरिराज सिंह ने प्रशांत किशोर को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे उस कथित ‘कुत्ता-बिल्ली’ वाले वीडियो को सार्वजनिक करें, जिसके आधार पर उन्होंने चुनाव के दौरान झूठा नैरेटिव तैयार किया और पूरे क्षेत्र में भ्रम फैलाने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनसुराज ने झूठ की राजनीति कर जनता को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन भाजपा तथ्यों और विकास के आधार पर राजनीति करती रहेगी। इसी तरह की पंचायत से पार्लियामेंट तक की खबरों को पढ़ने के लिए मुखियाजी डॉट कॉम को विजिट करते रहिए। मुखियाजी का बतकुच्चन के साथ ही गली के सितारे, जल-जीवन-हरियाली, बर-बाजार, ग्राम देवता, कैबिनेट मीटिंग आदि कॉलम में भी रोचक खबरों को पढ़िए।