Mukhiyajee Reporter | Patna
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इसी अभियान में खुद को बिहार की बेटी कहने वाली भाजपा नेत्री आराधना सिंह ने भी एंट्री की हैं। वे भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर वोट मांग रही हैं। खास बात यह है कि उनका जनसंपर्क अभियान केवल किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है। वह महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच पहुंचकर भाजपा के पक्ष में समर्थन जुटा रही हैं।


राजनीति में महिलाओं की भूमिका को लेकर अक्सर अलग-अलग जातीय समीकरणों की चर्चा होती है, लेकिन महिला मतदाताओं के बीच महिला नेत्रियों की अपनी एक अलग स्वीकार्यता होती है। आराधना सिंह इसी ताकत का इस्तेमाल बांकीपुर के चुनावी मैदान में कर रही हैं। वह महिला मतदाताओं के बीच सहजता से पहुंचती हैं, उनसे सीधे संवाद करती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकारों की योजनाओं और नीतियों को लेकर चर्चा करती हैं। महिलाओं के बीच उनकी बातचीत का अंदाज भी राजनीतिक भाषणों से अलग दिखाई देता है। वह खुद को एक ऐसी महिला के रूप में प्रस्तुत करती हैं, जिसने राजनीति में अपनी पहचान संघर्ष और सक्रियता के दम पर बना रही हैं। वे कहती हैं कि आज बिहार की महिलाएं केवल किसी नेता के कहने पर वोट नहीं करतीं। वे विकास, सुरक्षा, सम्मान और अपने परिवार के भविष्य को ध्यान में रखकर निर्णय लेती हैं। दरअसल, बांकीपुर विस क्षेत्र से पिछले 35 वर्षों से भाजपा जीतती रही है। वर्तमान विधायक नितिन नवीन के भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने बांकीपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था, जिससे यह सीट खाली हुई। इसके बाद भी नितिन नवीन का क्षेत्र के लोगों से जुड़ाव बना हुआ है। बांकीपुर की गलियों, मोहल्लों और सामाजिक समीकरणों को समझने वाली आराधना सिंह भाजपा के अभियान में एक महत्वपूर्ण चेहरा बनकर सामने आ रही हैं और कहती भी हैं कि यहां से नीरज सिन्हा की नहीं, बल्कि नितिन नवीन की जीत होगी।
आराधना सिंह का एक और मजबूत पक्ष उनका सामाजिक जुड़ाव है। वह राजपूत समाज से आती हैं और अपने समाज के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में राजपूत मतदाताओं के बीच पहुंच बनाने में भी वह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राजपूत समाज के लोगों से मुलाकात के दौरान आराधना सिंह भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलावों की चर्चा करती हैं। वह समाज के लोगों से अपील कर रही हैं कि बिहार में विकास और स्थिरता के लिए भाजपा को मजबूत करना जरूरी है। उनका संदेश साफ है, राजनीति केवल जातीय समीकरणों से नहीं, बल्कि नेतृत्व, नीति और काम के आधार पर भी तय होती है। हालांकि, अपने सामाजिक जुड़ाव की वजह से वह राजपूत समाज के बीच आसानी से पहुंचती हैं और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने में जुटी हैं।

आराधना सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को बिहार और देश के विकास के लिए निर्णायक मानती हैं। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति को विकास, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के एजेंडे से जोड़ा है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की भी वह खुलकर प्रशंसा करती हैं। उनका मानना है कि भाजपा संगठन को मजबूत बनाने और देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर अमित शाह ने एक मजबूत नेतृत्व दिया है। वे यह भी कहती हैं कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार को विकास की गति देने के लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति रखते हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में विकास और प्रशासन को नयी दिशा देने का काम किया जा रहा है। वहीं, नितिन नवीन को लेकर आराधना सिंह का जुड़ाव व्यक्तिगत और राजनीतिक दोनों स्तरों पर दिखाई देता है। उनका कहना है कि नितिन नवीन ने बांकीपुर में लंबे समय तक जनता के बीच रहकर काम किया है और अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उनके नेतृत्व में भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होगा।
बहरहाल, आराधना सिंह बांकीपुर के मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को समर्थन देने की अपील कर रही हैं। उनका कहना है कि बांकीपुर भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है और यहां की जनता विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ी रही है। वह मतदाताओं से कहती हैं कि उपचुनाव केवल एक विधायक चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि यह बांकीपुर के विकास और बिहार की राजनीतिक दिशा से भी जुड़ा हुआ है। आराधना सिंह के मुताबिक, भाजपा की ताकत केवल उसके प्रत्याशी में नहीं, बल्कि उसके संगठन व करोड़ों कार्यकर्ताओं में है। बांकीपुर में भाजपा का मजबूत संगठन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मार्गदर्शन पार्टी के पक्ष में मजबूत माहौल तैयार कर रहा है। बता दें कि आराधना सिंह का पारिवारिक जुड़ाव मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर से है। इसी इलाके ने बिहार को श्री बाबू के रूप में पहला मुख्यमंत्री दिया था और इसी इलाके ने अब सम्राट चौधरी के रूप में दोबारा मुख्यमंत्री दिया है। यही वजह है कि आराधना सिंह बिहार के सामाजिक ताने-बाने को करीब से समझती हैं और आम मतदाताओं के बीच एक सकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं।






