Ramadan 2026 : पहला रोजा रखकर 6 साल के अब्दुस समद ने पायीं सबकी दुआएं

Ajeet Kumar | Patna

रमजान का आज शुक्रवार को आखिरी दिन है और इस पवित्र माह का अंतिम जुमा है। कल पूरे बिहार में 21 मार्च को ईद है। खास बात कि इस बार बड़ों की तरह नन्हें रोजेदारों में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। इन्हीं में शामिल हैं महज 6 वर्षीय अब्दुस समद हसनैन। उन्होंने अपने जीवन का पहला रोजा रखकर परिवार और आसपास के लोगों के बीच खुशी का माहौल बना दिया। तबिश हसनैन के सुपुत्र अब्दुस समद के इस खास मौके पर घर में उत्साह और गर्व का माहौल देखा गया।

छोटे से बच्चे की इस धार्मिक शुरुआत को लेकर परिजनों ने उसे खूब सराहा और दुआओं से नवाजा। नन्हे रोजेदार के पहला रोजा पूरा होते ही परिवार में दो दिन पहले ही ईद की खुशियां मनायी गयीं। इस अवसर पर उनके दादा स्वर्गीय मोहम्मद जफर हसनैन की यादें भी ताजा हो उठीं। परिवार के लोगों ने बताया कि उनके संस्कार और मार्गदर्शन की झलक अब्दुस समद के इस कदम में साफ दिखाई देती है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य के लिए दुआ की। रोजा खोलने के समय घर में खास इंतजाम किया गया, जहां परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठे और इस खुशी को साझा किया। रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों ने भी फोन और सोशल मीडिया के जरिए अब्दुस समद को पहले रोजे की मुबारकबाद दी। यह दिन उनके जीवन में एक नयी और यादगार शुरुआत के रूप में दर्ज हो गया।

बता दें कि बिहार की राजधानी पटना समेत देश के विभिन्न राज्यों में गुरुवार को कहीं भी शव्वाल का चांद नजर नहीं आने के बाद शनिवार 21 मार्च 2026 को ईद-उल-फितर मनाए जाने का ऐलान किया गया। बिहार, झारखंड और उड़ीसा के मुसलमानों की प्रमुख संस्था इमारत-ए-शरिया, फुलवारी शरीफ और खानकाह मुजीबिया फुलवारी शरीफ सहित तमाम मुस्लिम इदारों ने संयुक्त रूप से चांद नजर नहीं आने की घोषणा की। इमारत-ए-शरिया के काजी शरीयत हजरत मौलाना मुफ्ती मुहम्मद अनजर आलम कासमी और खानकाह मुजीबिया फुलवारी शरीफ के प्रबंधक हजरत मौलाना सैयद शाह मिनहाजुद्दीन कादरी मुजीबी ने एक साथ बयान जारी कर बताया कि 29 रमजान को चांद नजर नहीं आया है, इसलिए शुक्रवार को रमजान का आखिरी रोजा रखा गया और शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज अदा की जाएगी। दोनों धार्मिक संस्थानों ने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ ईद मनाने की अपील की है।

बिहार में 21 मार्च को मनायी जाएगी ईद, ऐलान होते ही मुबारकबाद देने लगे रोजेदार… पटना से अजीत कुमार की रिपोर्ट…