Mukhiyajee Reporter | Patna
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच लगातार हो रहे युद्ध का असर अब भारत सहित बिहार में भी होने लगा है। यह आम लोगों की रसोई तक पहुंच गया है। एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गयी है और इस बार तो घरेलु गैस सिलेंडर के भी दाम बढ़ गए। आज शनिवार को पटना में सुबह-सुबह गैस सिलेंडर की डिलीवरी का जो मैसेज आया है, उसमें पेड अमाउंट में 60 रुपये का इजाफा दिखाया गया है, वो भी 6 दिनों के बाद डिलीवरी की जा रही है। इस फैसले के बाद बिहार में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर LPG की कीमत 951 रुपये से बढ़कर 1011 रुपये हो गयी है। बेशक इससे थाली का स्वाद बिगड़ने वाला है। इसी तरह, दिल्ली सहित अन्य राज्यों में भी घरेलु गैस की कीमत में आज से बढ़ोत्तरी हुई है।



दरअसल, तेल कंपनियों ने घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। जानकारी के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि की गयी है। इसके बाद देश की राजधानी दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गयी है। इसी तरह, बिहार में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। पहले जहां उपभोक्ताओं को 951 रुपये में सिलेंडर मिल रहा था, वहीं अब इसके लिए 1011 रुपये चुकाने होंगे। नयी दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गयी हैं। झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश आदि राज्यों में वहां की स्थानीय दरों में 60 रुपये का इजाफा किया गया है।
बहरहाल, कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गयी है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 115 रुपये की वृद्धि की गयी है। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 1883 रुपये हो गयी है, जबकि मुंबई में यह 1835 रुपये में मिलेगा। गैस की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ऊर्जा उत्पादों की कीमतों पर मिडिल ईस्ट के हालात का असर पड़ रहा है। क्षेत्र में जारी तनाव के कारण सप्लाई को लेकर आशंकाएं बढ़ी हैं, जिसका असर धीरे-धीरे घरेलू बाजारों पर भी दिखाई देने लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो ऊर्जा कीमतों में उतार-चढ़ाव आगे भी जारी रह सकता है। फिलहाल घरेलू गैस के दाम बढ़ने से बिहार समेत देशभर के उपभोक्ताओं की रसोई का बजट फिर से बिगड़ने की आशंका बढ़ गयी है।





