PATNA (MR) : Bihar Panchayat Chunav 2021 Result : बिहार पंचायत चुनाव 2021 के पहले चरण में हुई वोटिंग की गिनती लगभग पूरी हो गई है। 151 पंचायतों में मुखिया, पंचायत समिति सदस्य समेत कई पदों की गिनती पूरी हो गयी है। केवल पंच व सरपंच की गिनती चल रही है। क्योंकि, इन दोनों पदों का चुनाव बैलेट पेपर के जरिए हुआ है। पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी के गृह प्रखंड तारापुर में पहले चरण में ही चुनाव हुआ। तारापुर में 10 पंचायतों में से 9 पंचायतों को नया मुखिया मिला है। तारापुर प्रखंड मुंगेर जिला में पड़ता है। इसके अलावा रोहतास, नवादा समेत बाकी जिलों में भी 80 परसेंट तक नए मुखिया मिले हैं। पुरानों में कई दिग्गजों का पत्ता कट गया।
पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी के गृह प्रखंड तारापुर में तो इस बार कुल 10 में से 9 मुखिया अपनी कुर्सी नहीं बचा पाये. दरअसल, वहां पहले 12 पंचायतें थीं. इनमें से दो पंचायतें नगर पंचायत में समाहित हो गईं. बाकी की बची 10 पंचायतों पर चुनाव हुआ, जिसमें सिर्फ मानिकपुर पंचायत में किरण चौधरी मुखिया की कुर्सी बचा पायीं. खास बात कि सात पंचायतों की मुखिया की कमान महिलाओं को मिली हैं.
तारापुर में ये बने मुखिया
- मानिकपुर पंचायत : किरण चौधरी
- लौना पंचायत : अंजू सिंह
- रामपुर विषय : नितेश कुमार
- बिहमा पंचायत : वंदना कुमारी
- धोबई पंचायत : कन्हैया लाल तांती
- पढ़भारा पंचायत : रोजी देवी
- खैरा पंचायत : ललिता भारती
- बेलाडीह पंचायत : साजन सिंह
- गनैली पंचायत : चांदनी
- अफजल नगर : प्रियंका कुमारी
Bihar Panchayat Chunav 2021 Result Summary
- रोहतास-संझौली प्रखंड के करमैनी पंचायत पूर्वी से पंचायत समिति सदस्य के पद पर मंटू कुमार सिंह जीते। रोहतास-संझौली प्रखंड के करमैनी पंचायत से मुखिया के पद पर सुभाषचंद्र जीते। संझौली के ही करमैनी पंचायत से पंचायत समिति सदस्य के पद पर समीर चंद जीते। दावथ प्रखंड के सेमरी पंचायत से पंचायत समिति सदस्य काजल कुमारी जीती। मुंगेर के तारापुर प्रखंड के मानिकपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य के रूप में रंजीत चौधरी विजयी हुए। दावथ के सेमरी पंचायत से मुखिया प्रत्याशी अमृता कुमारी जीती।
- औरंगाबाद के इब्राहिमपुर पंचायत से मुखिया प्रत्याशी डॉ ब्रजमोहन कुमार सिंह जीते। रोहतास जिले के दावथ प्रखंड के साइना पंचायत से मुखिया पद से चांदनी कुमारी विजयी। औरंगाबाद के कर्मा भगवान पंचायत से मुखिया वीरेन्द्र राम 2479 वोट से जीते। औरंगाबाद के खैराबिंद पंचायत से दूसरी बार सुजीत कुमार सिंह मुखिया बने हैं। जहानाबाद के सैदाबाद पंचायत से अरविंद ठाकुर ने जिला परिषद सदस्य बने हैं। जहानाबाद के बरमा पंचायत से सिरमन राज जिला परिषद पद पर विजयी हुए हैं।
- जमुई में सिकंदरा प्रखंड कुमार पंचायत से मुखिया पद के लिए शंभु सिंह ने 1280 वोट से जीत हासिल की। पोहे पंचायत से मुखिया पद पर मनोज मंडल ने 1117 वोट से जीत हासिल की। तारापुर की मानिकपुर पंचायत के मुखिया पद पर किरण देवी का कब्जा बरकरार। रोहतास-दावथ के सेमरी पंचायत से मुखिया प्रत्याशी अमृता कुमारी जीतीं। वहीं, औरंगाबाद सदर प्रखंड के पड़रावां पंचायत के वार्ड नं 10 में रामकुमार चौबे ने 13 महज वाेट से वार्ड सदस्य के पद पर जीत हासिल की। खैराबिंद पंचायत से लगातार पाचवीं बार ओम प्रकाश उर्फ बादशाह यादव ने पंचायत समिति पद पर 1339 वोट से जीत हासिल की।
- अरवल जिले के वंशी प्रखंड की माली पंचायत से ललन कुमार मुखिया पद के लिए विजयी हुए। रोहतास के संझौली स्थित चांदी इंग्लिश पंचायत के पंचायत समिति सदस्य के पद से मधु उपाध्याय जीतीं। कैमूर के कुदरा प्रखंड के सलथुआ से रिंकी मिश्रा जीती। कैमूर के कुदरा प्रखंड की ससना पंचायत से मुखिया प्रत्याशी जैतून बीबी विजयी हुईं। कैमूर के कुदरा प्रखंड के खरहना पंचायत से मुखिया अशोक चौरसिया जीते। रोहतास जिले के दावथ प्रखंड के जमसोना पंचायत के वार्ड संख्या-13 में सदस्य पद पर कृष्ण मोहन प्रसाद सिन्हा 36 मतों से जीते। बांका के धोरैया प्रखंड के काठबनगांव-बीरबलपुर पंचायत से मुखिया पद पर निर्जला देवी चुनाव जीतीं।
- पंचायत चुनाव के पहले चरण की मतगणना जारी। अभी तक कहीं से कोई रूझान या नतीजा नहीं आया है। हालांकि, जल्दी हीं रूझान व नतीजे आने लगेंगे। औरंगाबाद में डेढ़ घंटे बाद सबसे पहले पड़रावां पंचायत की मतगणना शुरू। नवादा के गोविंदपुर प्रखंड के बकसोती पंचायत में भी मतों की गिनती आरंभ।
- औरंगाबाद सदर प्रखंड के पड़रावां पंचायत की मतगणना विलंब से शुरू हुई, लेकिन पांच मिनट के बाद पुनः अपरिहार्य कारणों से बंद हो गई है। जिला प्रशासन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभी मतगणना शुरू होने में आधा घंटा से ज्यादा समय लगेगा। कई अन्य जगह भी मतगणना में विलंब हो रहा है।
- नवादा के गोविंदपुर प्रखंड में जिला परिषद की सीट पर पुष्पा देवी का सरिता देवी व उषा देवी से मुकाबला है। सीट अनुसूचित महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। पिछले चुनाव में पुष्पा देवी जीतीं थीं। गया जिले में भी मतगणना चल रही है। सुबह 10 बजे तक रुझान आएगा।
- अब सभी जिलों में मतगणना शुरू। सबसे पहले ईवीएम से हुई वोटिंग के नतीजे आएंगे। औरंगाबाद में पहले चरण के पंचायत चुनाव की मतगणना में सदर प्रखंड के पड़रावां पंचायत के प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला सबसे पहले होगा। सबसे अंत में जम्होर पंचायत के प्रत्याशियों के रिजल्ट आएंगे।
- नवादा के गोविंदपुर प्रखंड की की नौ पंचायतों के कुल 923 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए केएलएस कॉलेज में मतगणना शुरू हुई है। जमुई के सिकंदरा प्रखंड की 13 पंचायतों के 1095 प्रत्याशियों के भाग्य के फैसले को लेकर जिला मुख्यालय स्थित केकेएम कॉलेज में काउंटिंग शुरू हुई है। संबंधित मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित कर दिया गया है।
- बांका के धोरैया, मुंगेर के तारापुर व जमुई के सिकंदरा प्रखंडों में 24 सितंबर को हुए मतदान की मतगणना हो रही है। बांका के पीबीएस कालेज में मतगणना सुबह आठ बजे से होगी। मतगणना कर्मी सुबह पांच बजे ही पहुंच चुके थे। धोरैया के मकैता-बबूरा पंचायत का परिणाम सबसे पहले आएगा। उम्मीद की जा रही है कि सुबह 10 बजे से परिणाम आने लगेंगे।
- मुंगेर के तारापुर प्रखंड की 10 पंचायतों की मतगणना के लिए जिला मुख्यालय में केंद्र बनाया गया है. इसके लिए 17 टेबल बनाए गए हैं। इसी तरह, गया के बेलागंज के लिए स्ट्रांग रूम व मतगणना केंद्र मानविकी भवन में तो खिजरसराय के लिए मतगणना हाल गया कॉलेज के मानविकी भवन में बनाए गए हैं। यहां मतगणना आठ बजे शुरू होगी।
- सूबे के 10 जिलों में गिनती को लेकर मतगणना केंद्रों पर जुटने लगी भीड़। प्रत्याशी, एजेंट से लेकर अधिकारी तक जाने लगे मतगणना केंद्रों में। बाहर में सुरक्षा बल तैनात। निषेधाज्ञा के तहत धारा 144 लागू।
कहां-कितनी पंचायतों में हुए हैं चुनाव
- कैमूर में कुदरा प्रखंड : 14 पंचायत
- रोहतास में दावथ प्रखंड : 9 पंचायत, संझौली प्रखंड : 6 पंचायत
- गया में बेलागंज प्रखंड : 19 पंचायत, खिजरसराय प्रखंड : 14 पंचायत
- नवादा में गोविंदपुर प्रखंड : 9 पंचायत
- औरंगाबाद : औरंगाबाद प्रखंड : 15 पंचायत
- जहानाबाद में काको प्रखंड : 14 पंचायत
- अरवल में सोनभद्र-वंशी-सूर्यपुर प्रखंड : 8 पंचायत
- मुंगेर में तारापुर प्रखंड : 10 पंचायत
- बांका में धौरेया प्रखंड : 20 पंचायत
- जमुई में सिकंदरा प्रखंड : 13 पंचायत
बता दें कि पंचायत चुनाव के पहले चरण में 15328 में से 4985 प्रत्याशी निर्वाचित किए जाएंगे. इसमें मुखिया व सरपंच के 151 पद, जिला पार्षद के 22 पद, पंचायत समिति सदस्य के 195 पद तथा पंच व वार्ड सदस्य के 2233-2233 पद हैं. कुल 4985 पदों की तुलना में 15328 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था. इसमें 7235 पुरुष तथा 8093 महिला प्रत्याशी शामिल हैं. पहली बार पंचायत चुनाव में EVM और बैलेट बॉक्स दोनों से वोटिंग हुई है. चार पदों के लिए EVM से तो पंच व सरपंच के लिए बैलेट बॉक्स से मतदान हुआ है.
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सबसे ज्यादा रोहतास में 62.50% और सबसे कम जहानाबाद में 56.69% के अलावा औरंगाबाद में 62.00%, जमुई में 61.50%, बांका में 61.00%, गया में 60.50%, कैमूर में 60.04%, अरवल में 59.00%, नवादा 57.75% तथा मुंगेर 57.50% वोटिंग हुई थी. बिहार पंचायत चुनाव के पहले चरण में महिलाओं ने सबसे ज्यादा भागीदारी निभाई थी. इवीएम, बॉयोमेट्रिक और अलार्म सिस्टम का इस्तेमाल सफल रहा. पहले चरण में बोगस वोटिंग करते 26 उपद्रवी गिरफ्तार किए गए.