निशांत कुमार के राजनीति में आने से युवाओं में नयी उम्मीद, नीतीश के नजदीकी नागेश्वर स्वराज बोले

Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र ई. निशांत कुमार के जनता दल (यू) में विधिवत शामिल होने से बिहार की राजनीति में नयी हलचल और उत्साह का माहौल बना है। सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न संगठनों ने इसे राज्य की राजनीति में नयी पीढ़ी के नेतृत्व के उभार के रूप में देखा है। ग्रेटर पटना फाउंडेशन के अध्यक्ष, सरदार पटेल – दशरथ मांझी स्मृति एवं अंतरराष्ट्रीय सामाजिक शोध अभियान के संयोजक तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुराने शिष्य नागेश्वर सिंह स्वराज ने ई. निशांत कुमार को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनका सक्रिय राजनीति में प्रवेश बिहार की राजनीति में नयी ऊर्जा, नयी सोच और नयी उम्मीदों का संदेश लेकर आया है।

नागेश्वर स्वराज।

नागेश्वर स्वराज ने कहा कि आज बिहार की युवा पीढ़ी राजनीति में सकारात्मक बदलाव और मजबूत नेतृत्व की अपेक्षा रखती है। ऐसे समय में ई. निशांत कुमार का सार्वजनिक जीवन में आना युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वे अपने पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन, विकास और जनसेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए राज्य के विकास को नयी दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में अब नयी पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी समय की मांग है। युवा नेतृत्व ही राज्य को नयी ऊर्जा और नयी गति दे सकता है।

उन्होंने कहा कि ई. निशांत कुमार का यह कदम इसी परिवर्तन की शुरुआत का संकेत है। ई. निशांत कुमार से बिहार के युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों को बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने उनके उज्ज्वल, ऊर्जावान और जनसेवा से परिपूर्ण राजनीतिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका यह कदम बिहार की राजनीति में नयी चेतना और नयी उम्मीदों का संचार करेगा। बता दें कि आज ही निशांत जदयू में विधिवत शामिल हो गए। उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पार्टी में शामिल कराया। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार सहित कई मंत्री व विधायक मौजूद रहे। बाद में उन्होंने अपने पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।