JDU में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री पिता नीतीश कुमार से मिले निशांत, अब नया अध्याय शुरू

Mukhiyajee Reporter | Patna

JDU में आज रविवार से नया अध्याय शुरू हो गया। पटना स्थित पार्टी मुख्यालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने JDU की प्राथमिक सदस्यता ली। उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पार्टी की सदस्यता दिलायी। इसके बाद उन्हें बुके देकर स्वागत किया। फिर केंद्रीय मंत्री व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने गुलदस्ता देकर निशांत का स्वागत किया। निशांत ने ललन सिंह के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी उन्हें बधाई और शुभकामनाen दी। इसके बाद पार्टी के वरीय नेताओं से लेकर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने निशांत कुमार का जोरदार स्वागत किया। फिर निशांत अपने पिता नीतीश कुमार से सीएम आवास में मुलाकात की। उन्हें मिठाई खिलायी तथा पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर संजय झा भी मौजूद रहे।

पार्टी मुख्यालय में रविवार को निशांत को JDU की सदस्यता दिलाते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद पिता नीतीश कुमार से मुलाकात करते निशांत, साथ में संजय झा।

इसके पहले पार्टी मुख्यालय में निशांत कुमार को JDU वाला अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा टोपी पहनाकर उन्हें सदस्यता दिलायी गयी। मिलन समारोह काफी भीड़ जुटी थी। माना जाता है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की लड़कियों और महिलाओं के उत्थान के लिए काफी काम किये। 2005 में साईकिल योजना से शुरू होकर 2025 में 10 हजरिया योजना तक इसके गवाह हैं। पंचायत और नगर निकाय चुनावों में महिलाओं को 50% आरक्षण देकर महिला सशक्तिकरण की ऐतिहासिक कहानी लिख दी। यही वजह रही कि निशांत कुमार के JDU में शामिल होने के लिए आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का ऐतिहासिक दिन चुना गया।

JDU में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने मीडिया को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं सभी का शुक्रिया अदा करता हूं। आप सभी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। बिहार और देश के लिए मेरे पिता ने पिछले 20 सालों में जो किया है, मुझे उस पर गर्व है। बहरहाल, बिहार में एक और नेता पुत्र ने आज से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर दी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इन्हें पार्टी की ओर से भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। बता दें कि पिछले डेढ़-दो साल से निशांत को सक्रिय राजनीति में आने की मांग जोरदार ढंग से उठ रही थी, जिसका पटाक्षेप हो गया। दूसरी ओर, पार्टी का एक बड़ा तबका निशांत को सीएम बनाने की मांग कर रहा है। हालांकि, नयी सरकार में उनके उपमुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज है।