Fulwari Sharif । Ajeet
इमारत-ए-शरिया बिहार, ओडिशा व झारखंड की ओर से झारखंड राज्य में चलाए गए ऑल झारखंड SIR जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। अभियान की विस्तृत जानकारी फुलवारी शरीफ स्थित इमारत-ए-शरिया के प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी गयी। मीडिया को संबोधित करते हुए नाज़िम-ए-इमारत मुफ्ती मुहम्मद सईदुर्रहमान कासमी ने बताया कि झारखंड के सभी 24 जिलों में कुल 56 स्थानों पर लगभग एक माह तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में आम नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जिम्मेदार व्यक्तियों ने भाग लेकर SIR प्रक्रिया से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी हासिल की।

उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को SIR से जुड़ी जटिल प्रक्रियाओं के प्रति समय रहते जागरूक करना था, ताकि भविष्य में किसी भी नागरिक को तकनीकी या दस्तावेजी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर अमीर-ए-शरीअत मौलाना अहमद वली फैसल रहमानी साहब के संदेश को साझा करते हुए कहा गया कि SIR को लेकर सही जानकारी और व्यापक जागरूकता आज की बड़ी आवश्यकता है। चूंकि इस बार की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक जटिल है, इसलिए समाज के हर वर्ग तक सही और स्पष्ट जानकारी पहुंचाना जरूरी था।
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि इमारत-ए-शरिया की प्रशिक्षित टीमें झारखंड राज्य में SIR, फॉर्म-6 और फॉर्म-8 से जुड़े मामलों में बिना किसी भेदभाव के नागरिकों की सहायता के लिए तैयार हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान युवाओं को विशेष जिम्मेदारी दी गयी है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों का मार्गदर्शन कर सकें और सही प्रक्रिया अपनाने में मदद कर सकें। इमारत-ए-शरिया ने स्पष्ट किया कि यह पूरा अभियान पूरी तरह जनहित, सुधारात्मक और जागरूकता आधारित है। इसका किसी भी राजनीतिक दल, राजनीतिक विचारधारा या राजनीतिक लाभ से कोई संबंध नहीं है। संस्था का उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी नागरिक जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित न हो।






