Mukhiyajee Reporter | Patna
छठ का नाम आए और ठेकुआ की याद न आए, ऐसा बिहार में शायद ही कोई मिले। गेहूं के आटे, गुड़ और घी से बना यह सीधा-सादा पकवान छठ का सबसे खास प्रसाद है। इसमें न कोई दिखावा है, न कोई महंगा सामान। फिर भी इसका स्वाद ऐसा कि वह इसके लिए साल भर इंतजार करता है। परंपरा के अनुसार यह प्रसाद पहले अर्घ्य के दिन बनाया जाता है। इस बार पहला अर्घ्य रविवार 15 नवंबर को है। ठेकुआ बनाने की तैयारी कई दिन पहले से शुरू हो जाती है। व्रती और घर की औरतें गेहूं को धोकर साफ करती हैं और धूप में सुखाती हैं। गेहूं को कौआ-चिड़िया से बचाने के लिए घर का कोई न कोई छत या आंगन में पहरा देता रहता है। फिर इसे चक्की पर पिसवाया जाता है।

पहले तो लोग इसे अपने घरों में रखे जांता में पीसते थे। लेकिन समय के साथ इसमें भी बदलाव आ गया। फिर पिसे आटे में गुड़ का घोल, घी और नारियल मिलाकर उसे गूंथा जाता है। कहीं सौंफ या इलायची भी डाली जाती है। इसके बाद लकड़ी के सांचे पर दबाकर बेल-बूटे वाला रूप दिया जाता है और घी में धीमी आंच पर तला जाता है। कहा जाता है कि हाथ से ठोक-ठोककर आकार देने के कारण ही इसका नाम ठेकुआ पड़ा। वहीं भागलपुर प्रक्षेत्र में इसे ‘खबौनी’ भी कहा जाता है। प्रसाद बनाते समय शुद्धता का खास ध्यान रखा जाता है। नहाकर, साफ कपड़े पहनकर ही रसोई में जाया जाता है। कई घरों में मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी की आंच से ठेकुआ बनता है। अर्घ्य से पहले प्रसाद को कोई चखने की कल्पना तक नहीं करता है। जो भी बनता है, पहले सूप में सूर्य देव और छठी मैया को अर्पित होता है, उसके बाद ही इसे प्रसाद के रूप में सबको बांटा जाता है।


ठेकुआ की सबसे प्यारी बात यह है कि यह अकेले खाने की चीज नहीं है। छठ के बाद घाट से लौटते ही आस-पड़ोस, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के घर प्रसाद पहुंचाया जाता है। इसमें प्रसाद मांगकर खाने की भी अद्भुत रीत है, जिसमें छोटे-बड़े का भेद नहीं रहता। यही वजह है कि छठ पर पूरा गांव एक परिवार जैसा लगता है। बहरहाल, ठेकुआ यह कई दिनों तक खराब नहीं होता, इसलिए परदेस में रहने वाले बिहारी इसे अपने साथ भी ले जाते हैं। दिल्ली, मुंबई या पंजाब की किसी तंग कोठरी में जब बिहार का कोई मजदूर या नौकरीपेशा ठेकुआ का एक टुकड़ा मुंह में रखता है, तो उसे अपने गांव का आंगन, मां के हाथ की गर्मी और घाट की रौनक एक साथ याद आ जाती है। सच कहें तो ठेकुआ सिर्फ एक पकवान नहीं, बिहार की मिट्टी की खुशबू और रिश्तों की मिठास है। बदलते दौर में भी छठ का यह प्रसाद हमें सिखाता है कि सच्चा स्वाद सादगी, शुद्धता और अपनेपन में है।










