नीतीश कुमार की पार्टी जदयू का कार्यकर्ता सम्मेलन 1 नवंबर को होगा उत्तर प्रदेश में, रोहनिया विस क्षेत्र में मंत्री श्रवण कुमार ने की बैठक

Mukhiyajee Reporter | Lucknow (Ashok Modi)

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आगामी 1 नवंबर को वाराणसी जिले के रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में जदयू का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री और जदयू विधायक दल के नेता सह उत्तर प्रदेश के संगठन प्रभारी श्रवण कुमार ने रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों, संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि 1 नवंबर को आयोजित होने वाला कार्यकर्ता सम्मेलन उत्तर प्रदेश में जदयू के चुनावी अभियान को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। पार्टी का लक्ष्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है। इसके लिए मंडल स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनायी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में अपनी सांगठनिक स्थिति को और मजबूत करेगी। इसके तहत उन विधानसभा क्षेत्रों को चिह्नित किया जाएगा, जहां पार्टी की स्थिति मजबूत है और चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की संभावनाएं हैं। कार्यकर्ताओं से प्राप्त सुझावों और स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर आगे की चुनावी कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

श्री कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जदयू का संगठन का लगातार विस्तार हो रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जदयू की नीतियों, विचारधारा और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान में राज्य सभा सदस्य एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास में जिस तरह से कार्य किए गए हैं और जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गयी हैं, उससे यूपी के आम अवाम को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन, विकास और लोककल्याण के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्यों एवं नीतियों का संदेश प्रदेश के जनमानस तक पहुंचाया जायेगा। आगामी कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से संगठन को नयी ऊर्जा मिलेगी और चुनाव की तैयारियों को मजबूती प्रदान की जाएगी।

रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान मंत्री श्रवण कुमार उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित स्वर्गीय हरिश्चंद्र वर्मा के पैतृक गांव रामरायपुर स्थित उनके आवास पर भी पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय वर्मा के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय हरिश्चंद्र वर्मा को वर्ष 1990 में कश्मीर से कन्याकुमारी तक साइकिल यात्रा निकालने के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया। बैठक एवं सम्मेलन की तैयारियों के दौरान श्रवण कुमार के साथ संतोष पटेल, सच्चिदानंद ब्रह्मचारी, विजय पटेल, सुनील कश्यप, अवधेश सिंह, संजय सिंह पटेल, सुशील पटेल सहित पार्टी के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।