बिहार राज्यसभा चुनाव : 5 सीटों के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में, कुशवाहा की टेंशन बढ़ी; देखें तस्वीरें

Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार से राज्यसभा की पांच रिक्त सीटों के लिए गुरुवार को नामांकन की प्रक्रिया के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गयी है। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया, जबकि महागठबंधन की ओर से एक उम्मीदवार ने पर्चा भरा। नामांकन की यह प्रक्रिया बिहार विधान सभा की प्रभारी सचिव श्रीमती ख्याति सिंह के कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार राम ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं महागठबंधन की ओर से अमरेंद्र धारी सिंह ने राज्यसभा चुनाव के लिए पर्चा भरा।

नामांकन करते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, साथ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बिहार के गृहमंत्री सम्राट चौधरी व अन्य।
NDA की ओर से नामांकन करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन।
NDA की ओर से JDU उम्मीदवार रामनाथ ठाकुर
NDA के रालोमो उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा।
भाजपा उम्मीदवार शिवेश कुमार राम नामांकन करते हुए।
महागठबंधन की ओर से राजद उम्मीदवार ए डी सिंह, साथ में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव।

इस दौरान बिहार विधान सभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रहीं। नामांकन के समय विभिन्न दलों के नेता और समर्थक भी मौजूद रहे। इधर, बिहार विधान सभा पहुंचे देश के गृह मंत्री अमित शाह का विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर सदन के कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित थे। इसके साथ ही राजनीतिक विश्लेषकों का भी मंथन शुरू हो गया है। उनका मानना है कि राज्यसभा की इन सीटों के लिए दाखिल नामांकन में से जदयू और भाजपा की 2-2 सीटों के लिए तो कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन उपेंद्र कुशवाहा के लिए महागठबंधन की ओर से एडी सिंह के आ जाने पर टेंशन तो बढ़ ही गयी है।

बहरहाल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नामांकन के पहले अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जनता के नाम संदेश लिखा- ‘पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है। संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नयी सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।’