Patna | Ajeet Kumar
प्रेमालोक मिशन स्कूल में रंग-बिरंगा किड्स कार्निवल बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। स्कूल परिसर को गुब्बारों, स्ट्रीमर और विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए आकर्षक आर्टवर्क से सजाया गया था। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करना था। कार्यक्रम का आगाज आरती, अनोखी और रितिका द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। इस भजन ने पूरे माहौल को भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद पूर्णानंद, देवांश और आलोक ने मधुर संगीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। स्टूडेंट्स की इस प्रस्तुति पर समारोह में बैठा हर कोई वाह-वाह करने को विवश हो गया।

आयोजन के दौरान आयोजित फैशन वॉक आकर्षण का केंद्र रहा। ऋतिक, अक्षरा, शिफाली और खुशी सहित कई विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ मंच पर वॉक करते हुए रंग-बिरंगे परिधानों और आकर्षक प्रस्तुति से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं मोहित, राधिका और युवान द्वारा प्रस्तुत नाटक ने मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश भी दिया, जिसकी दर्शकों ने सराहना की। समारोह में सम्यक और रश्मि ने प्रेरणादायक भाषण देते हुए विद्यालयी गतिविधियों में भागीदारी के महत्व और सीखने के आनंद पर प्रकाश डाला।


कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य ने शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सफल आयोजन बताया। इस अवसर पर गुरुदेव श्री प्रेम ने अपने संदेश में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास और संस्कार विकसित करते हैं। किड्स कार्निवल बच्चों के लिए सीख और मनोरंजन का बेहतरीन माध्यम बना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा और बच्चों ने मुस्कुराते चेहरों के साथ यादगार पल संजोए।
Bihar : पढ़िए…फुलवारीशरीफ की घटना पर वरीय पत्रकार अजीत कुमार की स्पेशल रिपोर्ट… 👇👇




