Bihar Budget Session 2026 : सदन में IP Gupta ने उठाए सवाल, BJP पर लगाया उकसाने का आरोप

Rajesh Thakur । Patna
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भाषा और व्यवहार को लेकर सियासी तापमान बढ़ गया है। इंडियन एक्सक्लूसिव पार्टी के वरिष्ठ विधायक आईपी गुप्ता ने सदन में मुख्यमंत्री के हालिया रवैये पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे पद की गरिमा के प्रतिकूल बताया। उन्होंने कहा कि सदन लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां शब्दों की मर्यादा और संयम सबसे बड़ी पूंजी होती है। मुख्यमंत्री जैसे वरिष्ठ पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा आक्रामक शब्दावली का प्रयोग न तो उचित है और न ही लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा मुख्यमंत्री की गरिमा को शोभा नहीं देती।

विधायक आईपी गुप्ता ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे भारतीय जनता पार्टी की ‘बड़ी रणनीति’ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी शुरू से ही नहीं चाहती है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद पर बने रहें। उन्होंने बिना नाम लिये आरोप लगाया कि सत्तापक्ष के कुछ नेता जानबूझकर सदन में मुख्यमंत्री को उकसाते हैं, ताकि वे प्रतिक्रिया में अपना आपा खो दें और उनकी सार्वजनिक छवि पर असर पड़े। उन्होंने कहा कि हालिया व्यवहार निरंतर राजनीतिक दबाव और उकसावे का परिणाम हो सकता है। विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की संख्या स्वयं बेहद सीमित है। ऐसे में यह कहना कि विपक्ष सदन चलने नहीं दे रहा, तथ्यहीन है।

विधायक आईपी गुप्ता ने पलटवार करते हुए कहा कि सरकार जनहित के असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराध पर चिंता जतायी। उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर अपराध का ग्राफ क्यों बढ़ रहा है और इसे रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। जनता सुरक्षा चाहती है और सरकार को सदन में स्पष्ट जवाब देना चाहिए, न कि इधर-उधर की बातों में समय गंवाना चाहिए।