मोदी कैबिनेट ने दी परिसीमन बिल को मंजूरी, संसद से पास हुआ तो 50% तक बढ़ेंगी लोस सीटें, तो बिहार में 60 सीटें

Mukhiyajee Reporter |Delhi / Patna

केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में किए गए बदलावों को मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। प्रस्ताव के अनुसार विधेयक संसद से पारित होने पर सभी राज्यों में लोकसभा की सीटें समान अनुपात में 50 प्रतिशत तक बढ़ायी जाएंगी। यह व्यवस्था वर्ष 2051 तक लागू रहने की बात कही गयी है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब यह विधेयक संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा। लोकसभा सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही दो दिसंबर से होगी। सत्र तीन दिसंबर तक चलने की संभावना है। इस दौरान प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा। संविधान संशोधन विधेयक होने के कारण इसे दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत से पारित कराना जरूरी होगा। इसी साल अप्रैल में भी इसी मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाया गया था, लेकिन दो-तिहाई बहुमत नहीं जुट पाने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका था।

प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर करीब 815 हो सकती हैं। बताया जा रहा है कि हर राज्य की सीटें समान अनुपात में बढ़ेंगी, यानी किसी राज्य की हिस्सेदारी घटेगी या बढ़ेगी नहीं। दक्षिण भारत के राज्य लंबे समय से आशंका जता रहे थे कि परिसीमन के बाद संसद में उनका प्रतिनिधित्व कम हो सकता है। नए प्रस्ताव में इसी चिंता को दूर करने की कोशिश की गयी है। विधेयक के साथ महिला आरक्षण को भी जोड़ा गया है और बताया जा रहा है कि इससे 2029 के लोकसभा चुनाव में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने का रास्ता खुल सकता है। राज्यवार आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सीटें 80 से बढ़कर 120 हो सकती हैं। बिहार में सीटें 40 से बढ़कर 60 हो सकती हैं। महाराष्ट्र में 48 से 72, पश्चिम बंगाल में 42 से 63 और तमिलनाडु में 39 से करीब 59 सीटें होने का अनुमान है। बिहार के लिहाज से इसे राज्य का सियासी नक्शा बदलने वाला कदम माना जा रहा है।

बहरहाल, इसे लेकर बिहार में सियासी हलचल तेज होने लगी है। खासकर विपक्ष के नेताओं पर मीडिया की पैनी नजर है। सबसे हास्यास्पद स्थिति राजद की हो गयी है। राजद सांसद सुरेंद्र यादव ने पहले परिसीमन बिल के पक्ष में फोन किये थे, लेकिन मीडिया में आने के बाद वे अपने बयान से पलट गए। उन्होंने कहा कि वे बिहार में प्रस्तावित मुखिया परिसीमन के बारे में बोल रहे थे। वहीं, राजद सांसद सुधाकर सिंह ने बताया कि हमारी पार्टी महिला आरक्षण बिल का पूर्ण समर्थन करती है, लेकिन परिसीमन बिल का विरोध करते हैं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से कोई बयान नहीं आया है। नेशनल लेवल पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि यह विधेयक उत्तर प्रदेश का चुनाव जीतने के लिए लाया जा रहा है। डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने बिल को लेकर अपने रुख पर कायम रहने की बात कही है। वहीं वाईएसआर कांग्रेस के सशर्त समर्थन के संकेत मिले हैं। एनसीपी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा है कि एजेंडा मिलने के बाद ही वे कुछ कहेंगी।