Mukhiyajee Reporter | Patna
बिहार में हर परिवार को घरेलू कनेक्शन पर दी जा रही 125 यूनिट फ्री बिजली पर फिर से चर्चा शुरू हो गयी है। दीपावली पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि इसे लेकर 1 दिसंबर से विशेष अभियान चलेगा, जो लोग राज्य हित में इसे छोड़ना चाहें वे छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर हजारों लोगों ने गैस सब्सिडी राष्ट्र हित में छोड़ दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम बिहार को तोहफा देने एक बार फिर आ रहै हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व सीएम नीतीश कुमार की योजना के तहत राज्य में हर परिवार को प्रत्येक माह 125 यूनिट बिजली फ्री में दी जा रही है। इसमें कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। अमीर, गरीब, हर जाति, धर्म, संप्रदाय के लोगों को यह सुविधा मिल रही है। आगे भी यह सुविधा जारी रहेगी, किंतु सरकार का आग्रह है कि जो लोग सक्षम हैं वे अपनी इच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ लेना छोड़ सकते हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आगामी 1 दिसंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। जो लोग फ्री बिजली का लाभ नहीं लेंगे, वे दाता कहलाएंगे। उन्होंने गैस सब्सिडी की याद दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की तो हजारों परिवारों ने गैस सब्सिडी का त्याग कर दिया। पिछले दिनों सम्राट चौधरी ने जब फ्री बिजली की सुविधा छोड़ने की अपील की तो कहा कि इससे जो पैसा बचेगा उसे बच्चों की पढ़ाई पर खर्च किया जाएगा। हालांकि, सीएम की इस अपील पर राज्य में जमकर राजनीति भी हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित बिहार दौरे के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वे आगामी 21 नवंबर को वैशाली आ रहे हैं। राजा पाकड़ विधानसभा क्षेत्र के जाफरपट्टी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में पीएम आएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।

बता दें कि रविवार को मुख्यमंत्री ने दलित बस्ती में जाकर दीपावली मनायी। वे पटना के आशियाना दीघा रोड स्थित दलित बस्ती में पहुंचे, जहां दीपावली उत्सव की तैयारी की गयी थी। उन्होंने बस्ती के लोगों को दीपावली के मौके पर उपहार भी दिया। राज्य के सभी जिलों में दलित बस्ती में जाकर दीपावली मनाने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने बस्ती के जरूरतमंद परिवारों और बच्चों के बीच मिठाइयां, दीये और उपहार के पैकेट बांटे। उन्होंने राज्यभर के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से अपील भी की कि वे इस प्रकार वंचित और महादलित वर्गों के बीच जाकर पर्व मनाएं, जिससे समाज में आपसी भाईचारा, समानता और सामाजिक एकजुटता मजबूत हो। मुख्यमंत्री की इस पहल से प्रेरित होकर बक्सर, गोपालगंज (मांझा) और ब्रह्मपुर सहित कई अन्य स्थानों पर भी प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दलित व महादलित बस्तियों में जाकर दीपावली मनायी।







