PATNA / MUNGER (MR) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डेढ़-दो माह पहले पूरे बिहार में प्रगति यात्रा निकाली थी। इसमें 50 हजार करोड़ से अधिक की राशि की लागत से पूरे राज्य में होने वाले विकास कार्यों की घोषणा की गयी थी। वह सारे कार्य सुचारु रूप से और निर्धारित समय पर पूरे हों, इसके लिए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार इसके लिए रिव्यू कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज वे बिहार के पूर्णिया के साथ ही अपने गृह विधानसभा क्षेत्र हवेली खड़गपुर पहुंचे। उनके साथ जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे। हवेली खड़गपुर के ट्रेनिंग स्कूल में हुई बैठक में स्थानीय विधायक राजीव सिंह, मुंगेर विधायक प्रणव यादव, बेलहर विधायक मनोज यादव, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, भूमि सुधार विभाग की प्रधान सचिव वंदना प्रेयसी, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल समेत मुंगेर, जमुई और बांका के जिलाधिकारी और अन्य स्थानीय अधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक के बाबत उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीडिया को बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा में इस क्षेत्र के विकास के सपने को साकार करने के लिए कार्यों की घोषणा की थी। उन्होंने उन कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बांका स्थित बडुआ जलाशय योजना, हवेली खड़गपुर की ऐतिहासिक झील और जमुई जिले की सिंचाई परियोजनाओं सहित सुल्तानगंज से देवघर तक फोरलेन सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विशेष रूप से खड़गपुर झील और बडुआ जलाशय में सुल्तानगंज से गंगा जल पहुंचाने की परियोजना पर विस्तृत चर्चा की गयी।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व मंत्री विजय चौधरी हेलिकॉप्टर से पूर्णिया से सीधे हवेली खड़गपुर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री के खड़गपुर पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहीं मुंगेर के जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के अलावा विधायक राजीव सिंह समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा में इस क्षेत्र के विकास के सपने को साकार करने के लिए कार्यों की घोषणा की थी। उन्होंने उन कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
– सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री, बिहार सरकार
हैलिपेड के पास एनडीए कार्यकर्ताओं ने भी उनका स्वागत किया। एनडीए नेताओं में जमुई लोकसभा प्रभारी रविंद्र सिंह कल्लू, मुंगेर भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण पोद्दार, मुंगेर जदयू जिलाध्यक्ष नचिकेता मंडल, शंभु केशरी, अंबरीश चंद्र सिंह, रजनीश झा, व्यास कुमार शर्मा उर्फ बिट्टू शर्मा, गोरेलाल मंडल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया।